जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि जिले के एक ग्रामीण थाने में 26 वर्षीय महिला ने परिवाद दिया कि उसका पति उसे तलाक देना चाहता है और वह उससे तलाक नहीं लेना चाहती। इस संबंध में उसके पति को पाबंद किया जाए। इस मामले में कार्रवाई करने की एवज में खेरली थाने में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर भरत सिंह जादौन ने कार्रवाई के नाम पर महिला को बुलाया और उसके साथ दो, तीन और चार मार्च को लगातार तीन दिन तक थाना परिसर में बने अपने आवास पर ले जाकर बलात्कार किया। घटना के संबंध में रविवार को महिला ने पुलिस थाने में शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर रेंज आईजी हवासिंह घुमरिया और पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम देर रात्रि करीब 10 बजे खेरली थाने पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित महिला की रिपोर्ट पर तुरंत बलात्कार का मामला दर्ज किया और उसके बाद बलात्कार के आरोपी सब इंस्पेक्टर थाने के सैकेंड अफसर सब इंस्पेक्टर भरत सिंह जादौन निवासी दौसा को गिरफ़्तार कर लिया। मामले में देर रात तक रेंज आईजी हवा सिंह घुमरिया और पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम थाने पर मौजूद रहे।