अलवर. प्रदेश में भले ही गरीबी की रेखा से नीचे लाखों परिवार हों, लेकिन अमीरों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। व्यापार में उन्नति कर लोग अमीरों की कैटेगिरी में शामिल होकर प्रदेश के विकास में भागीदार बन रहे हैं। साथ ही सालाना हजारों करोड़ रुपए के टैक्स देकर सरकार का खजाना भी भर रहे हैं।
सीजीएसटी अलवर कमिश्नरेट में 7 संभाग और 35 रेंज शामिल हैं। जिसमें अलवर, खैरथल-तिजारा, भिवाड़ी, बहरोड़, भरतपुर, धौलपुर, डीग, करौली, सवाईमाधोपुर, गंगापुर सिटी, दौसा, सीकर, झुंझुनूं और नीमकाथाना आदि क्षेत्र शामिल हैं। वर्ष 2020-21 में अलवर कमिश्नरेट क्षेत्र में 45 हजार 31 कर दाता थे। जिन्होंने सरकार के खजाने में 2800 करोड़ रुपए का टैक्स जमा कराया था। साल दर साल कर दाताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2023-24 में अलवर कमिश्नरेट में करदाताओं की संख्या बढ़कर 54 हजार 583 पहुंच गई है। फरवरी-2024 तक ये करदाता सरकार के खजाने में 4 हजार 906 करोड़ रुपए कर के रूप में जमा करा चुके हैं।