
राजस्थान: लिपिक को स्कूल से बुलाया, फिर गाडी से दो बार टक्कर मारी, कुचलकर हुई दर्दनाक मौत
अलवर जिले के बहरोड़ क्षेत्र के ग्राम जखराना बस स्टैण्ड पर सुबह स्कार्पियो गाड़ी में सवार लोगों ने एक बाइक सवार को दो बार टक्कर मारकर कुचल दिया। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और हत्या करने की आंशका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस व एसडीएम ने मौके पर पहुंच लोगों से जानकारी जुटाई। वहीं शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
घटना स्थल पर एकत्रित लोगों ने बताया कि नारनौल की तरफ से आई स्कार्पियो गाड़ी में सवार लोगों ने बाइक सवार को टक्कर मारी। उसके बाद वापस बाइक सवार को कुचलते हुए नारनौल की तरफ भाग गए। हादसे में भूंगारका निवासी कृष्ण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। कृष्ण वर्तमान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जखराना में यूडीसी के पद पर कार्यरत था। स्कूल प्रधानाचार्य सुरेश यादव ने बताया कि सुबह नियत समय पर कृष्ण ड्यूटी पर आया था, लेकिन कुछ समय बाद बाइक लेकर बाहर चला गया। जिसके बाद फोन किया गया तो किसी अनजान व्यक्ति ने फोन रिसीव कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे।
थानाधिकारी विनोद सांखला ने बताया कि जखराना के पास स्कार्पियो व बाइक में दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना के बाद मौके पर मय जाब्ता लेकर पहुंचे। घटना स्थल पर गाड़ी के बारे में जानकारी जुटाई। इसके साथ ही मृतक का बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की ओर से जो भी रिपोर्ट दी जाएगी उसके हिसाब से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
02 Apr 2021 11:23 am
Published on:
02 Apr 2021 11:23 am
