
भाजपा के प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक के बाद अलवर में प्रदेश कार्य समिति की बैठक का आयोजन किया रहा है। इसमें पार्टी के पुराने कार्यों की समीक्षा के साथ ही आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा कर प्रस्ताव लिए जाएंगे। बैठक में मुख्यत: दो सत्र होंगे, इनमें एक भोजनावकाश से पूर्व व एक इसके बाद होगा। वहीं पहले सत्र से पूर्व भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी।

बैठक की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। उन्होंने कहा कि अलवर में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर जिला संगठन व कार्यकर्ताओं में उत्साह है। बैठक में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, भाजपा प्रदेश प्रभारी सहित अन्य नेता शामिल हुए।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष पं. धर्मवीर शर्मा, प्रदेश महामंत्री बलवान सिंह यादव, अलवर विधानसभा प्रभारी अशोक गुप्ता, केजी खंडेलवाल, पं. जलेसिंह आदि पार्टी नेता भी मौजूद रहे।

प्रदेश कार्य समिति की बैठक में २६० से ज्यादा सदस्य शामिल हो रहे हैं। इनमें प्रदेश के सभी मंत्री भी मौजूद हैं। कार्य समिति की बैठक में राजनीतिक सहित अन्य प्रस्ताव लिए जाएंगे। वहीं अलवर समेत अजमेर व मांडलगढ़ उप चुनाव पर भी चर्चा होगी।

कार्य समिति की बैठक में समस्याओं पर चर्चा के सवाल पर उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण के लिए पार्टी मुख्यालय पर हर दिन दो-दो मंत्री लोगों की बात सुनकर उनका निराकरण कराते हैं, इस कारण यहां समस्याओं पर चर्चा नहीं होगी।

तीनों उप चुनाव जीतने का दावा भजनलाल ने दावा किया कि प्रदेश में होने वाली अलवर व अजमेर लोकसभा के साथ मांडलगढ़ विधानसभा उपचुनाव भाजपा जीतेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा उप चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। इस बार विशेष तैयारियों के संबंध में प्रदेश महामंत्री ने कहा कि भाजपा कोई भी चुनाव हो, पूरी तैयारी से लड़ती है।

अलवर को सजाया भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के लिए अलवर शहर को भगवा रंग के झंडों व होर्डिंग्स व स्वागत द्वार से सजाया गया है। शहर के प्रमुख चौराहों को भगवा रंग के पर्दों से सजाया गया है, वहीं मार्ग पर झंडे लगाए गए हैं। आयोजन स्थल प्रताप ऑडिटोरियम को भी भगवा रंग में रंग दिया गया है।