20 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रामगढ़ विधायक ज्ञानदेव आहूजा का कथित ऑडियो वायरल, बोले यह तो सरकार हारी है

लोकसभा उपचुनावों में हार के बाद सामने आया रामगढ़ विधायक ज्ञानदेव आहूजा का ऑडियो।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Prem Pathak

Feb 12, 2018

viral audio of ramgarh mla gyan dev ahuja

अलवर. उपचुनाव में भाजपा की करारी शिकस्त के बाद पार्टी के एक विधायक की कार्यकर्ता से मोबाइल पर हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ है। चर्चा है कि यह ऑडियो रामगढ़ से भाजपा विधायक ज्ञानदेव आहूजा की पार्टी कार्यकर्ता ओमप्रकाश चौधरी से बातचीत का है। बातचीत में विधायक उपचुनाव में हार के लिए सीधे तौर पर सरकार के शीर्ष नेतृत्व और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। बातचीत में आहूजा ने शायराना अंदाज में कहा ‘जैसा किया है तूने, वैसा ही तू भरेगा, तेरी बदी का बदला, तुझको यहीं मिलेगा’ उन्होंने कहा कि मैं तो 40 हजार से हारा हूं, फिर भी मस्त हूं और अलमस्त हूं, मौला हूं, हरफनमौला हूं। हार से सरकार बदनाम, जसवंत बदनाम। यह कोई तुम और मैं थोड़े ही हारा हूं। चुनाव 17 विधानसभा क्षेत्रों में हुए हैं, सभी में हारे हैं। यह तो सरकार हारी है।

विधायक ने बातचीत में दावा किया कि 25 तारीख को पार्टी के संगठन महामंत्री रामलाल को पहले ही बता दिया था कि तीनों सीटों पर भाजपा हारेगी। यदि सरकार के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेशाध्यक्ष परनामी को नहीं बदला गया तो राजस्थान में भाजपा बुरी तरह हारेगी। अभी तो तीन उपचुनाव है, विधानसभा व लोकसभा में भी हारेंगे। नेतृत्व परिवर्तन की बात पर उन्होंने कार्यकर्ता को तीन दिन से एक महीने तक इंतजार करने की सलाह दी।

विधायक ने नहीं रखा पक्ष
ऑडियो को लेकर राजस्थान पत्रिका ने विधायक आहूजा से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने ना तो फोन उठाए ना ही किसी संदेश का जवाब दिया।

सोशल मीडिया पर तेजी से हो रहा वायरल

यह ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं विपक्षी भी ऑडियो को वायरल करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे, अलवर के कई व्हाट्सऐप गु्रपों में यह ऑडियो तेज से फैल रहा है। अभी भाजपा के किसी भी नेता की ओर से इस ऑडियो पर कोई बयान नहीं आया है।