अम्बेडकर नगर. तीन दिन से मीडिया में सुर्खियां बनी दिल्ली के पांच सितारा होटल हयात रीजेंसी में पूर्व बसपा सांसद राकेश पांडेय के पुत्र आशीष पांडेय का पिस्टल दिखाने का मामला शांत होने का नाम नही ले रहा है। इस मामले में वीडियो वायरल होने के बाद से जब मीडिया ने खबरें चलाना शुरू किया तो दिल्ली पुलिस भी हरकत में आई और आशीष पांडेय की तलाश में उनके लखनऊ, अम्बेडकर नगर सहित तमाम ठिकानों पर लगातार तलाश कर रही है। इस मामले में आशीष पांडेय को लेकर जिस तरह से खबरें उनके पूर्व सांसद पिता राकेश पांडेय, पूर्व विधायक चाचा पवन पांडेय और छोटे भाई व वर्तमान विधायक रितेश पांडेय के खिलाफ प्रसारित हो रही हैं, उसको लेकर बसपा विधायक रितेश पांडेय काफी आहत हैं और बिना कोई तथ्य जाने मीडिया से अनर्गल पूरे परिवार को निशाना न बनाने की अपील की है। रितेश पांडेय ने इस सम्बंध में अपना बयान सोशल मीडिया पर जारी किया है।