
Crime in Surguja, ज्वेलरी दुकान और सीसीटीवी में कैद आरोपी (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर मुख्य बाजार से 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी से भरा बैग एक बदमाश ने पार (Lifting in Surguja) कर दिया। घटना के दौरान ज्वेलरी दुकान का संचालक स्कूटी में सोने-चांदी से भरा बैग रखा था। वह दुकान का शटर खोलने गया ही था कि मौका पाकर बदमाश बैग उठाकर वहां से भाग निकला। जब संचालक लौटा तो बैग गायब देख उसके होश उड़ गए। उसने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक युवक बैग लेकर भागता नजर आया। इसकी रिपोर्ट उसने सीतापुर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की खोजबीन में जुट गई है।
सीतापुर निवासी अरुण देव की सीतापुर-अंबिकापुर मार्ग पर हाईस्कूल के पास श्री काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स दुकान स्थित है। रविवार की सुबह करीब 11.20 बजे उन्होंने बैग में सोने-चांदी के गहने (Jewellery in bag) भरकर स्कूटी के सामने वाले हिस्से में रखा। दुकान के पास स्कूटी खड़ी कर वे शटर खोलने लगे। इस दौरान उनका बैग स्कूटी में रखा था। जब वे लौटे तो सोने-चांदी की ज्वेलरी से भरा बैग गायब था।
यह देखते ही उनके होश उड़ गए। उन्होंने आस-पास के लोगों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई। ज्वेलरी संचालक का कहना है कि बैग में करीब 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी (Jewellery lifting) के गहने रखे हुए थे। हर रात वे दुकान बंद कर कीमती ज्वेलरी घर ले जाते थे और सुबह साथ लाते थे।
1 करोड़ रुपए की ज्वेलरी की उठाइगिरी की सूचना तत्काल सीतापुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान एक युवक स्कूटी से ब्लैक कलर का बैग लेकर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी (Lifting accused) की खोजबीन शुरु कर दी है।
सीतापुर मुख्य बाजार में दिनदहाड़े उठाइगिरी (Lifting in Sitapur) की घटना से व्यवसायियों में दहशत का आलम है। चर्चा है कि आरोपी खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे है, उन्हें कानून और पुलिस का तनिक भी डर नहीं है। वहीं इस बात की भी चर्चा है कि आरोपी ने पूर्व में रेकी की होगी, इसके बाद मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।
Updated on:
26 Jul 2026 03:57 pm
Published on:
26 Jul 2026 03:57 pm
