
Bus accident
बतौली. बगीचा से अंबिकापुर की ओर जा रही यात्रियों से भरी बस शुक्रवार की सुबह ग्राम बेलकोटा के पास अनियंत्रित होकर बड़े गड्ढे में जा घुसी। हादसे में करीब एक दर्जन यात्रियों को चोट आई। सूचना पर पहुंची डायल 112 टीम व एंबुलेंस की सहायता से सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 2 को ज्यादा चोट लगने की बात सामने आ रही है।
कृष्णा ट्रैवल्स बस बगीचा से यात्रियों को लेकर शुक्रवार की सुबह अंबिकापुर जा रही थी। बस का ड्राइवर बतौली से लगे ग्राम बेलकोटा के पास एक वाहन से साइड लेने लगा।
इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई और सड़क छोड़कर किनारे स्थित एक बड़े गड्ढे में जा घुसी। हादसे के बाद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में करीब 1 दर्जन यात्रियों को चोट आई। वहां से गुजर रहे लोगों ने दुर्घटना की सूचना डायल 112 को दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम व एंबुलेंस मौके पर पहुंची। उन्होंने घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। यहां से 10 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि 2 का उपचार जारी है।
Published on:
28 Dec 2018, 7:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.