
‘फरवरी माह तक सरगुजा से शुरू हो जाएगी हवाई सेवा, रामानुजगंज-अंबिकापुर मार्ग की सुधरेगी दशा’
अंबिकापुर। रामानुजगंज विधानसभा से रामविचार नेताम के जीत हासिल करने एवं छत्तीसगढ़ सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद प्रथम नगर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। राम विचार नेताम के स्वागत का जो सिलसिला रामानुजगंज विधानसभा में प्रवेश करते ही शुरू हुआ, वह रामानुजगंज शहर तक देर रात तक चलता रहा। अपने स्वागत सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लरंगसाय चौक पर उन्होंने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज क्षेत्र के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि हम लोगों ने अभी से कार्य शुरू कर दिया है। मैंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि रामानुजगंज से अंबिकापुर सडक़ को आने-जाने लायक दुरुस्त करें। वहीं जनवरी-फरवरी में सरगुजा से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही पहला दस्तखत 18 लाख गरीब लोगों के लिए आवास पर हुआ एवं 2 साल का बोनस भी मिला। महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपए माता-बहनों को मिलेंगे।
लरंगसाय चौक पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि 10 वर्ष तक छत्तीसगढ़ विधानसभा का सदस्य नहीं रहते हुए भी मैंने हमेशा आपकी लड़ाई लड़ी। भाजपा के वरिष्ठ नेता कन्हैयालाल अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति मिल गई है। दुख भरे दिन अब बीत गए हैं, भाजपा के राज में सभी के साथ न्याय एवं विकास होगा। जिला पंचायत के पूर्व सदस्य धीरज सिंहदेव ने कहा कि रामानुजगंज विधानसभा से राम विचार चुनाव नहीं लड़ रहे थे बल्कि हर एक कार्यकर्ता चुनाव लड़ रहा था, जैसा हम सब क्षेत्र का विकास चाहते हैं वैसा विकास अब क्षेत्र में होगा।
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता अनूप तिवारी, अरुण केसरी, भानु प्रकाश दीक्षित, अजय यादव, अमित गुप्ता सहित भाजपा नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शैलेश गुप्ता एवं आभार प्रदर्शन भाजपा मंडल अध्यक्ष शर्मिला गुप्ता ने किया। इससे पूर्व नेताम के आगमन पर तातापानी, जामवंतपुर, चलगली मोड़, आरागाही में कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
वहीं शहर के समीप चोरपहरी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व जिला संघचालक सुभाष जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष आरके पटेल, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष केसरी, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष विमलेश सिन्हा, अशोक केसरी, रमाशंकर दुबे, पार्षद मुकेश जायसवाल, राजनाथ विश्वकर्मा, विजय रावत, प्रमोद कश्यप, टीआर शर्मा, एसपी निगम, जगदम्बा गुप्ता, अशोक जैन, अंकित गुप्ता, पवन गुप्ता, अजय जायसवाल सहित बड़ी संख्या में नगरवासियों ने नेताम का स्वागत किया।
युवा मोर्चा ने लड्डुओं से तौला
मंत्री बनने के बाद पहली बार आए राम विचार नेताम को नगर में प्रवेश करते ही भाजपा युवा मोर्चा द्वारा चौक पर लड्डुओं से तौला गया। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्केट में उनका भव्य स्वागत किया गया। वहीं बजरंग दल द्वारा गांधी चौक में स्वागत किया गया। नेताम द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय, भारत माता चौक, गांधी चौक, लरंगसाय चौक व अटल चौक पर माल्यार्पण भी किया गया।
Published on:
29 Dec 2023 08:35 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
