
Karma Athenic resort inaugrated
अंबिकापुर. Mainpat: मैनपाट के कमलेश्वरपुर में पर्यटन, लोक निर्माण, गृह, जेल एवं धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू के मुख्य आतिथ्य एवं खाद्य मंत्री अमरजीत भगत की अध्यक्षता में करमा एथनिक रिसॉर्ट व जोहर मोटल सोनतराई का लोकार्पण हुआ। स्वदेश दर्शन योजना अंतर्गत 21 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित करमा एथनिक रिसॉर्ट में पर्यटकों को ठहरने की सुविधा के साथ यहां की जनजातीय परंपरा, स्थानीय एवं तिब्बती संस्कृति को करीब से जानने व समझने का मौका मिलेगा। इस अवसर पर अतिथियों ने एथनिक रिसॉर्ट का भ्रमण भी किया।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि करमा एथनिक रिसॉर्ट के लोकार्पण से मैनपाट में पर्यटकों की सुविधाओं के विस्तार में एक और कड़ी जुड़ गई। यह पर्यटन विकास में एक अच्छा आयाम साबित होगा। इस रिसॉर्ट के शुरु होने से पर्यटक यहां रुकना चाहेंगे, जिससे मैनपाट में होम स्टे को बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। यहां के हस्तशिल्प को मार्केट मिलेगा। अब पर्यटक कांक्रीट से दूर जाना चाहते है उन्हें प्राकृतिक चीजें भाने लगी हैं। उन्होंने कहा कि हम इस रिसॉर्ट के माध्यम से पर्यटकों को प्रकृति को नजदीक से देखने का मौका देना चाहते हैं।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल प्रदेश में पर्यटन सुविधा बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। अब तो प्रदेश में पर्यटन नीति भी बन चुकी है जिससे पर्यटन एक उद्योग के रूप में स्थापित हो सकता है। जो भी इस क्षेत्र में काम करना चाहेंगे उन्हें सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच से आज लोग गोबर बेचकर भी पैसा कमा रहे हैं।
मैनपाट की संस्कृति व धरोहर को बचाए रखना है
खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कहा की आज मैनपाट के विकास और सुविधा में एक और अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री की सोच के अनुसार प्रदेश में पर्यटन को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैनपाट की खूबसूरती इतनी है कि मैनपाट का नाम सुनते ही लोगों के चेहरे खिल उठते हैं।
यहां की खूबसूरती, हरियाली, संस्कृति एक धरोहर है जिसे बचा कर रखना है। उन्होंने कहा कि यहां की प्राकृतिक सुंदरता तथा पर्यटन स्थलों का विकास होगा तो पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। सभी पर्यटन पॉइंट तक पहुंच मार्ग दुरुस्त करना होगा।
मैनपाट की अपनी एक अलग पहचान
संसदीय सचिव एवं रायपुर पश्चिम के विधायक श्री विकास उपाध्याय ने कहा कि मैनपाट की अपनी प्राकृतिक छटा के कारण अलग पहचान है। छत्तीसगढ़ में कुदरत का अपार आशीर्वाद है। प्राकृतिक संसाधन भरपूर हैं। मुख्यमंत्री की सोच के अनुसार प्रदेश को सुंदर बनाने का काम जारी है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव ने कहा कि मैनपाट को छत्तीसगढ़ का शिमला कहा जाता है।
मैनपाट प्रदेश के अन्य हिल स्टेशन से अलग है। यहां की जलजली और उल्टा पानी देश दुनिया मे अनूठा है। प्रदेश में पर्यटन सर्किट बनाया जाएगा रायपुर से उत्तर की ओर सतरेंगा, मैनपाट और जशपुर को जोड़ा जाएगा जो पर्यटकों के लिए 3 रात व 4 दिन का पूरा पैकेज होगा।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर सीजीएमएससी के अध्यक्ष व लुण्ड्रा विधायक डॉ. प्रीतम राम, खाद्य आयोग के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह बाबरा, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद, बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वन समिति के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, तेल घानी बोर्ड के सदस्य लक्ष्मी गुप्ता, पर्यटन मंडल की उपाध्यक्ष चित्ररेखा साहू,
गौ-सेवा आयोग के सदस्य अटल बिहारी यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, पर्यटन मंडल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार साहू, जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता ,सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
Published on:
23 Dec 2022 07:58 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
