
अमरीका: 9/11 की 17 वीं वर्षगांठ के मौके पर कई आयोजन, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी लेंगे हिस्सा
न्यूयार्क। 11 सितंबर के आतंकवादी हमलों की 17 वीं वर्षगांठ के मौके पर मंगलवार को संयुक्त राज्य अमरीका में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी आज पेंसिल्वेनिया के शेंक्सविले में एक स्मारक बनाये जाने के कार्यकर्म में भाग लेंगे। सन 2001 में आज ही के दिन हुए इन हमलों में लगभग 3,000 लोगों की मौत हो गई थी। इस आतंकवादी हमले में न्यूयॉर्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टावर्स और वाशिंगटन में पेंटागन से विमानों को टकराने के लिए बाध्य किया गया था। जबकि एक विमान पेंसिल्वेनिया के एक खुले मैदान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
अमरीका में कई कार्यक्रमों का आयोजन
9/11 की बरसी पर मुख्य कार्यक्रम न्यूयॉर्क में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर मेमोरियल प्लाजा में आयोजित किया जाएगा।इस दौरान पीड़ितों के परिवार के सामने हमले में मारे गए लगभग 3,000 लोगों के नाम पढ़ें जायेंगे। कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि 'यह कार्यक्रम उन क्षणों को दोबारा चिह्नित करेगा जब विमानों ने टावर्स पर हमला किया था।' बता दें कि ये ट्विन टावर्स 17 साल पहले हमले के दौरान गिर गए थे।
वाशिंगटन में 184 मृतकों का सम्मान करने के लिए एक समारोह आयोजित किया जाएगा। ये सभी अमरीकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन पर हमले के दौरान मारे गए थे।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लेंगे हिस्सा
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प शेंकविले, पेंसिल्वेनिया में एक स्मारक बनाये जाने के कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह वही जगह है जहां एक अपहृत विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। ऐसा माना जाता है कि यात्रियों और चालक दल द्वारा फ्लाइट डेक पर नियंत्रण रखने का प्रयास करने के बाद अपहरणकर्ताओं ने लक्ष्य के बजाय विमान को उसी स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त कर दिया था।
अब भी सिहर उठते हैं अमरीकी लोग
9/11 के आतंकी हमले को याद कर अमरीकी लोग अब भी सिहर उठते हैं। लोअर मैनहट्टन में स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर दो विमानों को अपहृत कर गिरा दिया गया था। अमरीकी एयरलाइंस फ्लाइट 11 और यूनाइटेड एयरलाइंस फ्लाइट 175 को अपहरण कर किए गए इस आतंकी हमले में 2,753 लोग मारे गए थे। इस घटना में मारे गए लगभग 75-80% पुरुष थे। वाशिंगटन में पेंटागन में अमरीकी एयरलाइंस फ्लाइट 77 को अपहरण कर रक्षा मंत्रालय भवन पेंटागन पर हमला किया गया था। इसमें 184 लोगों की मौत हो गई थी। शुरुआती हमलों और टावरों के ढहने के दौरान जो लोग मारे गए, उनमें से 343 न्यूयॉर्क सिटी फायरफाइटर्स थे जबकि 23 न्यूयॉर्क सिटी पुलिस अधिकारी थे और 37 पोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी थे।
Published on:
11 Sep 2018, 1:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.