वाशिंगटनः अमरीका ने रूस पर एक और प्रतिबंध लगाने की धमकी दी है। अमरीका का कहना है कि अगर कोई देश रूस से बड़ा सैन्य करार करता है तो उस पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है। भारत-रूस के बीच s-400 ट्रायम्फ मिसाइल एयर डिफेंस सिस्टम्स खरीद को लेकर अमरीका की तरफ से बड़ा बयान आया है। अमरीका का कहना है कि S-400 की खरीद महत्वपूर्ण सौदा माना जाएगा इसलिए इस खरीद को रोकने के लिए प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है। ट्रंप प्रशासन का यह बयान भारत और रूस के लिए अहम माना जा रहा है क्योंकि दोनों के बीच डील लगभग पक्की हो चुकी है। माना जा रहा है कि अक्टूबर में भारत-रूस समिट के दौरान इस समझौते पर अंतिम मुहर लग सकती है। बता दें कि S-400 ट्रायम्फ मिसाइल 40,000 करोड़ में भारत रूस से खरीद रहा है।
S-400 डील से क्यों परेशान है अमरीका ?
दरअसल अमरीका चाहता है कि भारत रूस से S-400 की डील न करे। लेकिन भारत और रूस इस समझौते को हर हाल में पूरा करना चाहते हैं। भारत इस समझौते को लेकर अमरीका से प्रतिबंध में ढील में देने की अपील भी कर चुका है। लेकिन अमरीका चाहता है कि भारत किसी भी सूरत में S-400 का सौदा रूस से न करे। अब सवाल उठता है कि आखिर S-400 में क्या खासियत है जिसको लेकर अमरीका इतना चिंचित है। दरअसल अमरीका को चिंता है कि अगर यह सौदा हो गया तो इसका इस्तेमाल अमरीकी फाइटर जेट्स की स्टील्थ (गुप्त) क्षमताओं को परखने में किया जा सकता है। इसके अलावा भारत को अमरीकी जेट्स का डेटा भी मिल सकता है जो अमरीका के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।