वाशिंगटन: अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जी-7 के नेताओं के साथ अच्छे रिश्ते होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि कनाडा में संपन्न हुए जी-7 शिखर सम्मेलन में उनके बारे में मीडिया ने सच नहीं दिखाया। ट्रंप ने शुक्रवार को अपने ट्विटर खाते पर दर्जनभर फोटोग्राफ पोस्ट किए, जिनमें वह 8-9 जून को आयोजित शिखर सम्मेलन में जी-7 के नेताओं से घिरे हुए हैं और सभी प्रसन्न मुद्रा में हैं। ट्रंप ने लिखा, "जर्मनी की एंजेला मर्केल के साथ उनके बहुत बढ़िया संबंध हैं, लेकिन फेक न्यूज मीडिया ने बातचीत में सिर्फ खराब तस्वीरें (क्रोधित मुद्रा में) दिखाईं, जिनमें मैं उन मसलों पर बात कर रहा हूं, जिनपर कोई दूसरे अमरीकी राष्ट्रपति ने नहीं की।" उन्होंने कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं, जिनमें मेज की तरफ वह बैठे हैं, जबकि दूसरी ओर मर्केल समेत बाकी देशों के नेता।