
पूर्व मंत्री बोले- भारत के नहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री हो सकते हैं राहुल!
अमेठी. गुरुवार रात केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अपने लोकसभा क्षेत्र मे कैंपेन के लिए निकली थीं। इस बीच गौरीगंज विधानसभा के जामो में कुछ महीने पूर्व कांग्रेस छोड़कर बीजेपी मे शामिल हुए पूर्व मंत्री जंग बहादुर सिंह ने स्मृति की मौजूदगी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दे दिया। जिस समय पूर्व मंत्री राहुल पर बयान दे रहे थे वहीं पास खड़ी स्मृति ईरानी मुस्कुरा रही थीं।
पाकिस्तान राहुल का करता है बहुत सम्मान, जो बोलते हैं वो बनती है वहां की हेडलाइन
लोगों के बीच पूर्व मंत्री ने पहले तो स्मृति ईरानी को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पूरे लोकसभा में जामो सबसे आगे रहेगा। विधानसभा लेवल पर गौरीगंज सबसे आगे रहेगा। उसके बाद उन्होंने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वो देश द्रोह की धारा ख़त्म करने जा रहे, कहते हैं हमारे सैनिक हाथ बांधे खड़े रहे और आतंकवादी हमको गाली दें और मारे और ऊपर से सैनिकों पर मुकदमा भी लिखवाए। कितनी घिनौनी बात है, पता नहीं वो सत्ता के लिए। पूर्व मंत्री ने कांग्रेस को पुरानी पार्टी बताते हुए कहा कि हमारी पुरानी पार्टी है वो, हम उनके शुभचिंतक भी हैं। हम उनको एक राय भी देते हैं। अगर प्रधानमंत्री होने की बहुत ख्वाहिश है तो उसका एक नुस्खा मेरे पास है। बहुत जल्दी आप प्रधानमंत्री हो जाओगे। यहां से तो आपका पैर उठ गया अब भारत में तो ये उम्मीद नहीं है। इस पर स्मृति ईरानी अपनी मुस्कान रोक नहीं पाईं।
फिर पूर्व मंत्री ने कहा कि लेकिन पाकिस्तान आपको बहुत सम्मान कर रहा है, आप जो बोलते हैं वो वहां की हेडलाइन बनती है। वो कहता भी है राहुल गांधी को भारत का प्रधानमंत्री होना चाहिए। तो भारत का प्रधानमंत्री नहीं हो सकते पाकिस्तान के प्रधानमंत्री हो सकते हैं शौक से।
Published on:
5 Apr 2019, 6:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.