अमेठी. केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी (Smriti Iranni) के संसदीय क्षेत्र अमेठी के मोहनगंज थाना क्षेत्र के फूला गांव में बीती रात करीब 10 बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से सारा इलाका गूंज उठा। लोग जबतक गोली की आवाज सुनकर घरों से बाहर निकलते तब तक बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा की गांव निवासी लल्लन सिंह लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़े हैं। तत्काल ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दिया और उन्हें लेकर समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलोई पहुंचे। उधर परिजन भी तिलोई सीएचसी पहुंच गए, सीएचसी में इलाज करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि गोली लगने से लल्लन का खून अधिक बह गया। इस कारण इन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर लखनऊ ले जाना पड़ेगा।