
Raj Saxena Suicide Case: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में दुखद और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हमेशा दूसरों की मदद के लिए आगे रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा नेता ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या करने से पहले उन्होंने फेसबुक पर कई भावुक पोस्ट शेड्यूल की थीं, जो उनकी मौत के बाद एक-एक करके सामने आईं। पहली फेसबुक पोस्ट सामने आने के बाद शुरुआत में लोगों को समझ नहीं आया कि वह ऐसा क्यों लिख रहे हैं। लेकिन जब उनकी मौत की खबर फैली और उसके बाद भी फेसबुक पर लगातार उनकी पोस्ट आती रहीं तो हर कोई सन्न रह गया।
यह दर्दनाक घटना बुधवार दोपहर की है। सासनी गेट इलाके के रहने वाले 46 वर्षीय राज सक्सेना उर्फ जॉनी भाई भारतीय जनता पार्टी आईटी सेल के पूर्व पदाधिकारी थे और कई सामाजिक संगठनों से जुड़े हुए थे। वह एक स्थानीय कन्या महाविद्यालय में कंप्यूटर शिक्षक भी थे। रोजाना की तरह बुधवार सुबह वह घर से कॉलेज के लिए निकले थे। दोपहर करीब 2:50 बजे वह छर्रा अड्डा पुल के नीचे पहुंचे और दिल्ली से कानपुर जा रही सुपरफास्ट ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
राज सक्सेना की मौत के करीब डेढ़ घंटे बाद शाम सवा चार बजे उनके फेसबुक पेज पर एक के बाद एक कई पोस्ट आनी शुरू हुईं। दरअसल, उन्होंने आत्महत्या करने से पहले इन सभी पोस्ट्स को शेड्यूल कर दिया था। पहली पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि जब लोग यह पोस्ट पढ़ रहे होंगे तब तक वह यह दुनिया छोड़ चुके होंगे। उन्होंने अपनी पोस्ट में साफ लिखा कि वह आर्थिक, मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह टूट चुके हैं और अब उनमें हिम्मत नहीं बची है। फेसबुक पर आई पहली पोस्ट से करीब डेढ़ घंटे पहले ही राज ने ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या कर ली थी।
राज सक्सेना ने मरने से पहले कुल 8 पोस्ट शेड्यूल की थीं। इन पोस्ट्स में उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों के लिए बेहद भावुक बातें लिखी थीं। एक पोस्ट में उन्होंने अपनी पत्नी से माफी मांगते हुए खुद को उनका 'गुनहगार' बताया। वहीं अपने बेटे और बेटी को हौसला देते हुए दोस्तों और रिश्तेदारों से उनका ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने अपनी देहदान की इच्छा भी जाहिर की। उनकी इन बातों से साफ जाहिर होता है कि वह अंदर से पूरी तरह हताश हो चुके थे।
घटना के बाद छर्रा अड्डा पुल पर एक नया विवाद भी देखने को मिला। कई संगठनों और डांस एकेडमी से जुड़ी एक महिला वहां पहुंच गई। मौके पर सासनी गेट और गांधीपार्क थाने की पुलिस भी मौजूद थी। सासनी गेट इंस्पेक्टर राजवीर सिंह परमार के मुताबिक, महिला ने फूट-फूट कर रोते हुए खुद को राज सक्सेना की दूसरी पत्नी बताया।
हालांकि, राज के परिजनों ने इस महिला के दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। राज के चाचा मनीष सक्सेना ने स्पष्ट किया है कि महिला की बातें बिल्कुल झूठी और निराधार हैं। उन्होंने बताया कि राज की केवल एक ही पत्नी है जो घर पर मौजूद है और उनके भतीजे ने कभी कोई दूसरी शादी नहीं की।
शुरुआत में रेलवे पुलिस शव की शिनाख्त करने में जुटी थी लेकिन जैसे ही फेसबुक पोस्ट वायरल हुई, उनके परिजन और दोस्त मौके पर पहुंच गए और शव की पहचान कर ली। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि शायद राज ने पहले कॉलेज में ही नस काटकर आत्महत्या की कोशिश की थी, क्योंकि वहां उनके कमरे में चाकू और खून के निशान मिले हैं।
पुलिस बीजेपी नेता के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। SSP नीरज जादौन ने बताया थाना पुलिस के सहयोग में सर्विलांस टीम सक्रिय की गई है। फिलहाल, आत्महत्या की असली वजह और कारणों को जानने का प्रयास किया जा रहा है।