अलवर

Rajasthan by-election : कांग्रेस पर बरसे मदन दिलावर, कहा- उपचुनाव की सभी सीटें जीतेगी भाजपा

Rajasthan by-election : राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने रामगढ़ उपचुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया है। मदन दिलावर ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कहा- कांग्रेस उनका समर्थन करती है जो देश के साथ अन्याय करते हैं।

2 min read
Nov 08, 2024
Rajasthan by-election Madan Dilawar Lashed Out at Congress Alwar said BJP will win all Seats in by-election
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर

Rajasthan by-election :राजस्थान में जैसे-जैसे उपचुनाव नजदीक आ रहे हैं, पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है। आरोप और प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। राजस्थान में 7 सीटों पर उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को वोटिंग होगी। भाजपा के दिग्गज नेता चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। अब कम समय बचा है, और सियासी पारा अपने उच्च स्तर पर आ गया है। राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अलवर के रामगढ़ में यह दावा किया कि भाजपा उपचुनाव की सभी 7 सीटें जीतेगी।

कांग्रेस को वोट नहीं देना चाहते राजस्थान के लोग

राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस पर देश के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मदन दिलावर ने कहा कि राजस्थान के लोग कांग्रेस को वोट नहीं देना चाहते। कांग्रेस उन लोगों का समर्थन करती है जो देश के साथ अन्याय करते हैं।

जनता अपराध मुक्त रामगढ़ चाहती है…

रामगढ़ के उप चुनाव को लेकर मदन दिलावर ने कहा कि रामगढ़ की जनता समझ चुकी है। यहां की जनता आतंकित है। टटलू बाज, साइबर ठग, गौमाता की हत्या करने वालों का संरक्षण दिया जाता है। यहां एक ही परिवार का ठेका हो गया है यही लोग अपराधियों को संरक्षण देते हैं। अब यहां की जनता पिंड छुड़ाना चाहती है। जनता यहां अपराध मुक्त रामगढ़ चाहती है।

भाजपा ने जो कहा वहीं किया

राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने आगे कहा भारतीय जनता पार्टी ने जो कहा वह किया। जो संकल्प पत्र जारी किया उसमें 50 फीसदी दावे पूरे किए गए। केवल 450 रुपए में सिलेंडर दिया जा रहा है ।सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाया गया है। गेहूं की खरीद मूल्य को बढ़ाया गया है।

13 नवंबर को होगी वोटिंग

राजस्थान विधानसभा उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को वोटिंग होगी। इसके तहत राजस्थान विधानसभा की 7 सीटों पर उपचुनाव होंगे। प्रदेश की झुंझुनूं, दौसा, देवली-उनियारा, खींवसर, चौरासी, सलूंबर और अलवर की रामगढ़ सीट पर उपचुनाव होने जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव 2023 के 11 महीने बाद इन 7 सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं।