अयोध्या

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस का एक्शन, आरोपी अनुकल्प के चाचा और सर्राफा कारोबारी से पूछताछ

Ayodhya Ram Mandir Donation Scam: राम मंदिर चढ़ाव चोरी मामले में तेजी से जांच की जा रही है। इसी बीच अयोध्या पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा के चाचा और एक सर्राफा व्यापारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
2 min read
• •
Jul 08, 2026
Ayodhya News, Ram Mandir Donation Scam, Anukalp Mishra, UP Police, SOG, UP News in Hindi, अयोध्या न्यूज़, राम मंदिर चंदा चोरी, अनुकल्प मिश्रा, यूपी पुलिस, Ram Mandir Theft,
राम मंदिर चंदा चोरी में एक्शन तेज (फोटो- पत्रिका)

Ayodhya Ram Mandir Controversy:राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस अब आरोपियों की संपत्तियों और कथित तौर पर चोरी की रकम के इस्तेमाल की पड़ताल में जुटी है। सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम ने इस मामले के आरोपी अनुकल्प मिश्रा के चाचा रामेंद्र मिश्रा और इनायत नगर बाजार के एक सराफा व्यापारी को हिरासत में लेकर कई घंटों तक पूछताछ की और उनके बयानों को दर्ज किए। इसके बाद दोनों को छोड़ दिया।

सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम ने निर्माण सामग्री बेचने वाले कुछ स्थानीय दुकानदारों से भी पूछताछ की। जांच एजेंसियों को शक है कि अनुकल्प के जीजा लवकुश मिश्रा के घर के निर्माण कार्य में इस्तेमाल हुई सामग्री इन्हीं दुकानों से खरीदी गई थी। यह संभावना जताई जा रही है कि इस निर्माण में चोरी की रकम का इस्तेमाल हुआ हो सकता है। फिलहाल, इस मामले में जांच टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

उधर पुलिस आज इस मामले के तीन मुख्य आरोपियों लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा और करुणेश से कड़ी पूछताछ कर रही है। इन तीनों आरोपियों को 40 घंटे की पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस लाइन में चल रही है कड़ी पूछताछ

रिमांड मिलने के बाद तीनों आरोपियों को पुलिस लाइन में रखा गया है। यहां एसओजी प्रभारी और विवेचक आशुतोष तिवारी उनसे इस पूरे घोटाले को लेकर गहन पूछताछ कर रहे हैं। जांच को पूरी तरह से गुप्त रखने के लिए पुलिस लाइन परिसर को आम लोगों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके साथ ही वहां मीडिया का प्रवेश भी पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।

अविनाश शुक्ला से बड़ा मास्टरमाइंड है अनुकल्प

जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि अनुकल्प मिश्रा इस पूरे खेल का अविनाश शुक्ला से भी बड़ा मास्टरमाइंड हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक अनुकल्प के तार राम मंदिर ट्रस्ट के कई बड़े सदस्यों से जुड़े हुए हैं। हाल ही में अनुकल्प मिश्रा के घर पर एक बहुत बड़ा धार्मिक अनुष्ठान हुआ था जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। बताया जा रहा है कि इस भव्य कार्यक्रम में करीब एक हजार महिलाओं को साड़ियां बांटी गई थीं। इस अनुष्ठान की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें जिले के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और राम मंदिर ट्रस्ट के वरिष्ठ लोग भी शामिल हुए थे। अब पुलिस इस कार्यक्रम में हुए भारी खर्च और चंदे के पैसों के कनेक्शन की भी गहराई से जांच कर रही है।