मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले साल अगस्त की तुलना में दो गुना अधिक बारिश हो चुकी है। सीजन में पहली बार लगातार 13 घंटे बारिश, 24 घंटे में बरसा 98 मिमी पानी, शहर में आज भी भारी बारिश का अलर्ट!
भोपाल. शहरवासी कृष्ण जन्म का उत्सव मनाकर सोने की तैयारी में थे कि रात 2.20 बजे बारिश शुरू हो गई। लगातार 13 घंटे बाद दोपहर साढ़े तीन बजे बारिश थमी। शहर पानी-पानी हो गया। शुक्रवार शाम 5.30 से शनिवार शाम 5.30 बजे तक 24 घंटे में कुल 98 मिमी बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग ( Weather Department ) ने रविवार के लिए भी यलो अलर्ट ( yellow alert ) जारी किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 2 से 3 दिनों में मध्यप्रदेश सहित कई हिस्सों में भारी बारिश होगी।
24 घंटे में बरसा 98 मिमी पानी
शहर में 98 मिमी के बावजूद बैरागढ़ में कम बारिश हुई। बैरागढ़ केन्द्र ने शनिवार सुबह तक 19.7 मिमी दर्ज की। इसके बाद शाम तक 25 मिमी बारिश दर्ज हुई। 44.7 मिमी बारिश के साथ सीजन का कुल आंकड़ा 1197 मिमी पहुंच गया है।
अगस्त महीने में बारिश: अगस्त माह में कुल 454 मिमी दर्ज की जा चुकी है, जबकि अभी एक सप्ताह बाकी है। 2018 के अगस्त में 264.5 तो 2017 में कुल 126 मिमी हुई थी। पिछले साल की अपेक्षा दो गुना अधिक तो वर्ष 2017 की तुलना में तीन गुना अधिक बारिश हुई है।
दो से तीन दिन अच्छी बारिश का अनुमान
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दो से तीन दिनों शहर में अच्छी बारिश होगी। ओडिशा के पास चक्रवाती परिसंचरण से बारिश हो रही है। इसके असर से हिमालय की तलहटी में पहुंची मानसून द्रोणिका नीचे आकर अमृतसर, चंडीगढ़, बरेली, रीवा, तटीय ओडिशा से गुजर रही है। दो-तीन दिन में उत्तरी बंगाल की खाड़ी के आसपास नया लो प्रेशर एरिया और बनने की संभावना है।
शहर की निचली बस्तियां बनीं तालाब
बारिश से नाले-नालियां उफान पर आए तो कॉलोनियों व सडक़ों पर पानी भर गया। शहर में 42 जगहों पर 60 से ज्यादा पेड़ गिरे। निगम कॉल सेंटर में 24 घंटे में आई 137 शिकायतों में से 91 जल भराव को लेकर थीं। नेहरू नगर, राहुल नगर, राजहर्ष कॉलोनी, अवधपुरी और रचना नगर खासे प्रभावित रहे। सोनागिरी, बरखेड़ा पठानी, चार इमली, श्यामला हिल्स, अरेरा कॉलोनी, बागमुगालिया और बागसवेनिया इलाके में पेड़ गिरे। पेड़ गिरने से ट्रैफिक जाम हो गया।
उधर, कोलार, भोपाल टॉकीज, चांदबड़, करोंद, डीआईजी बंगला, कबाडख़ाना, अशोका गार्डन, महामाई का बाग, सेमरा और ऐशबाग में कई जगह चार फीट तक पानी भर गया। नवाब कॉलोनी के चार घरों से निगमकर्मियों ने पानी निकाला।
कलियासोत पर आज से धारा-144 लागू
कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने कलियासोत पर धारा-144 लगाने का आदेश पारित किया है। इसके तहत शाम सात से सुबह सात बजे तक प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। ये आदेश मुख्य पट्टी जिस पर जनता मॉर्निंग वॉक के लिए जाती है उस पर लागू नहीं रहेगा।
भदभदा और केरवा डैम के गेट खुले
बड़े तालाब का जल स्तर अधिकतम सीमा से बाहर होने पर शनिवार सुबह सात बजे भदभदा के दो गेट खोले गए। तालाब का एफ टीएल 1666.80 फीट पर रखने के लिए सुबह गेट नंबर 5 और 6 को खोला गया था। दोपहर 12 बजे गेट नंबर 6 को बंद कर दिया गया।
नगर निगम प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को लगातार बारिश के दौर के चलते गेट नंबर 5 दिनभर खुला रहा। इस दौरान लगभग 150 एमसीएफ टी पानी छोड़ा गया। मालूम हो कि यह आठवीं बार है जब भदभदा के गेट खोले गए। इसके साथ ही शनिवार सुबह केरवा बांध के गेट भी खोले गए।