25 Years of Lagaan: आज आमिर खान की 'लगान' फिल्म की रिलीज को 25 साल पूरे हो गए हैं। आशुतोष गोवारिकर द्वारा निर्देशित 'लगान' को 2002 में एकेडमी अवार्ड्स में 'बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म' के लिए नॉमिनेट किया गया था। फिल्म ने कई रिकार्ड्स भी बनाये थे। आज फिल्म की रिलीज एनिवर्सरी पर फिल्म में बाघा का किरदार निभाने वाले अभिनेता अमिन हाजी ने फिल्म को लेकर बड़ा खुलासा किया है। आइए जानते हैं अभिनेता ने क्या कहा?

25 Years of Lagaan: आशुतोष गोवारिकर द्वारा निर्देशित और आमिर खान अभिनीत 'लगान: वन्स अपॉन ए टाइम इन इंडिया', 25 साल पहले 15 जून, 2001 को रिलीज हुई थी। मल्टीस्टारर 'लगान' भारतीय सिनेमा की एक बड़ी सफलता के रूप में भी देखी जाती है, जिसमें खेल, देशभक्ति और इंसानी जज्बे को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है। 'लगान' को 2002 में एकेडमी अवार्ड्स में 'बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म' के लिए नॉमिनेट किया गया था। फिल्म में वैसे तो कई किरदार थे, लेकिन एक किरदार था बाघा का जो क्रिकेट मैच में भुवन की टीम का हिस्सा था। हाल ही में पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में अमिन हाजी ने फिल्म से जुड़ी कुछ बातों का खुलासा किया है। इस बात चीत में उन्होंने अपने किरदार और फिल्म के प्रमोशन के दौरान अपनी अनुपस्थिति के बारे में बताया।
अमिन हाजी ने फिल्म के प्रमोशन के दिनों के बारे में याद करते हुए बताया कि फिल्म का प्रमोशन चल रहा था, तब मैं किसी और बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहा था। जिस वजह से मैं इन इवेंट्स में शामिल नहीं हो पा रहा था। लेकिन फिल्म के प्रमोशन में पूरी कास्ट को शामिल होना था, इसलिए आशुतोष गोवारिकर और आमिर खान ने इसका एक तोड़ निकाला।
इंटरव्यू में अमिन उर्फ़ बाघा ने बताया कि फिल्म की रिलीज से पहले होने वाले इवेंट्स में मेरी जगह मेरे जुड़वा भाई करीम हाजी को ले जाया जाता था। हम दोनों भाइयों की शक्ल-सूरत एक सी है। इसलिए लोगों को पता नहीं चलता था कि वो मैं नहीं बल्कि मेरा भाई है। हालांकि, कुछ लोगों ने इसको चीटिंग भी कहा लेकिन वो सिचुएशन ऐसी थी कि आमिर और आशुतोष को ये करना पड़ा।
एक किस्सा याद करते हुए अमिन ने बताया, 'उस दौरान 'लगान' की पूरी टीम को एक टीवी शो में जाना था, लेकिन मैं अवेलेबल नहीं था, मैं अब्रॉड शूटिंग कर रहा था, तो वहां भी करीम ही गया था।'