Bollywood Actresses for Social Causes: दीपिका पादुकोण से जान्हवी कपूर तक, बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियां मानसिक स्वास्थ्य, साइबर बुलिंग, पर्यावरण और पशु कल्याण जैसे सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाकर बदलाव की नई मिसाल पेश कर रही हैं।
Bollywood Actresses for Social Causes: आज के समय में बॉलीवुड सितारों की भूमिका सिर्फ फिल्मों और पॉपुलैरिटी तक सीमित नहीं रह गई है। खसतौर पर अब इंडस्ट्री की प्रमुख एक्ट्रेसेस अपनी पहचान और पहुंच का इस्तेमाल ऐसे सामाजिक मुद्दों के लिए कर रही हैं, जो जागरूकता और जिम्मेदारी से भरपूर हों। अगर ये कहें तो गलत नहीं होगा कि इस तरह अपने प्रभाव को वास्तविक बदलाव में बदलते हुए वो एक बेहतरीन अदाकारा की बजाय ज़िम्मेदार नागरिक का असल किरदार निभा रही हैं, जिन्हें स्क्रीन के बाहर भी महसूस किया जा सके।
इन अभिनेत्रियों में पहला नाम आता है दीपिका पादुकोण का, जो भारत में मेन्टल हेल्थ जागरूकता की अग्रणी आवाजों में से एक रही हैं। अपनी संस्था 'द लिव लव लाफ फाउंडेशन' के जरिये उन्होंने न सिर्फ भावनात्मक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करने के ट्रेंड को बढ़ावा दिया है, बल्कि उन विषयों को भी सामने लाया है, जिन्हें पहले अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता था।
दूसरे नंबर पर आती हैं वैश्विक मंचों पर, अपनी लोकप्रियता का परिचय दे चुकीं प्रियंका चपड़ा जोनस, यूएन एजेंसी, यूनिसेफ के साथ अपने काम के जरिए मानवीय प्रयासों में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। बच्चों के अधिकार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर उनका ध्यान इस बात को दर्शाता है कि एक सेलिब्रिटी का प्रभाव कितने व्यापक स्तर पर काम कर सकता है।
इसी के साथ, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी बातचीत अब और भी गहराई और विविधता की ओर बढ़ चुकी है और इसे आगे बढ़ाने में जान्हवी कपूर भी अहम भूमिका निभा रही हैं। फिलहाल जान्हवी कपूर ने अमाहा के साथ मिलकर, 'ऑफ द रॉक्स' पहल के जरिए, शराब की लत और उसके मानसिक स्वास्थ्य से संबंध जैसे विषयों पर ध्यान केंद्रित किया है। ये ऐसे मुद्दे हैं, जिन्हें अक्सर अनदेखा कर दिया जाता रहा है। गौरतलब है कि उनकी यह पहल इस विषय को न सिर्फ अधिक संवेदनशील और समझदारी से देखने के लिए प्रेरित करती है, बल्कि बिना किसी झिझक के खुलकर बात करने को भी बढ़ावा देती है।
जान्हवी कपूर के बाद आलिया भट्ट भी पशुओं के लिए लगातार काम कर रही हैं। अपने ‘कोएक्सिस्ट’ इनिशिएटिव के जरिए वह लोगों को जानवरों के प्रति दया और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक कर रही हैं।
डिजिटल दुनिया की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अनन्या पांडे ने अपने ‘सो पॉजिटिव’ अभियान के जरिए साइबर बुलिंग के खिलाफ आवाज उठाई है। वह लोगों को ऑनलाइन दुनिया को ज्यादा सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने के लिए जागरूक कर रही हैं।
इसी के साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जहां दीया मिर्ज़ा भी लंबे समय से सतत विकास और प्रकृति संरक्षण की समर्थक रही हैं, वहीं, भूमि पेडणेकर द्वारा शुरू किया गया इनिशिएटिव 'क्लाइमेट वॉरियर' नामक प्लेटफॉर्म, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को लगातार आगे बढ़ा रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि इन सभी प्रयासों में जो बात सबसे अलग नज़र आती है, वह है एक समान उद्देश्य। ये सभी एक्ट्रेसेस, अपने-अपने प्रभाव और पहचान के अनुसार उन मुद्दों से जुड़ रही हैं, जो उनके विचारों से मेल खाते हैं। इस तरह वो सिर्फ सीमित लोकप्रियता नहीं, बल्कि जागरूकता पैदा कर रही हैं।
ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि जैसे-जैसे इंडस्ट्री बदल रही है, वैसे-वैसे प्रभाव की परिभाषा भी बदल रही है। आज यह सिर्फ स्क्रीन पर मौजूदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि उन मुद्दों से भी जुड़ा है, जो स्क्रीन के बाहर बेहद ज़रूरी हैं। यह ऐसे मुद्दे ऐसी बातें, ऐसी चर्चाएं, जो न सिर्फ जानकारी देते हैं, बल्कि लोगों को जोड़ते हुए बदलाव की प्रेरणा बन रहे हैं।