बॉलीवुड

जब हेलेन-सलीम खान और महेश भट्ट-सोनी राजदान साथ करते थे डबल डेट, Soni Razdan ने सुनाया पुराना किस्सा

Helen Salim Khan Double Dates: हाल ही में सोनी राजदान ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि वो 80 के दशक के बीच में हेलेन के साथ डबल डेट पर जाती थीं। और हेलेन के साथ अपनी पहली याद के बारे में भी शेयर किया।

3 min read
Jun 19, 2026
Helen Salim Khan Double Date
हेलेन-सलीम खान और महेश भट्ट-सोनी राजदान की फोटो। (फोटो सोर्स: IMDb)

Helen Salim Khan Double Dates: करिश्मा कपूर और सोनी राजदान ने हाल ही में ZEE5 पर अभिनय देव के क्राइम थ्रिलर शो 'ब्राउन' में साथ काम किया, जिसमें उन्होंने मां-बेटी के रोल में नजर आईं थीं। इस सीरीज में उनके साथ एक तीसरी एक्ट्रेस भी थीं, जिन्होंने इसमें आंटी का रोल निभाया है, और उनका नाम है हेलेन। जानकारी के लिए बता दें कि करिश्मा और सोनी, दोनों का ही इस मशहूर एक्ट्रेस के साथ पुराना नाता रहा है। जहां करिश्मा के परिवार वालों ने हेलेन के साथ काफी काम किया है, वहीं सोनी का कनेक्शन महेश भट्ट के साथ उनके रिश्ते की शुरुआत के दिनों से है।

हेलेन के बारे में सोनी साजदान ने याद किया किस्सा

स्क्रीन को दिए इंटरव्यू में हेलेन के बारे में बात करते हुए सोनी राजदान ने हंसते हुए बताया, "मैं असल में हेलेन से कई साल पहले मिली थी, जब मैं अपने पति महेश भट्ट को डेट कर रही थी। हम डबल डेट पर जाते थे, हेलेन और सलीम साहब, और महेश और मैं।" ये बाद 80 के दशक के बीच की है, जब सोनी के पति और फिल्ममेकर महेश भट्ट ने हेलेन के पति और अनुभवी स्क्रीनराइटर सलीम खान के साथ 1986 की क्राइम थ्रिलर 'नाम' पर काम किया था, जिसमें संजय दत्त, कुमार गौरव और अमृता सिंह थे।

इसके आगे उन्होंने कहा, "हम अक्सर उनके घर जाते थे, और कभी-कभी हेलेन के घर भी जाते थे। मैं डबल डेट कह रही हूं, लेकिन ऐसा बहुत बार नहीं होता था। हम सब बहुत युवा थे। वो एक अलग दौर था, एक अलग इक्वेशन थी। इसलिए, जब मुझे 'ब्राउन' में हेलेन के साथ नोक-झोंक करनी थी, तो मेरा पहले से ही उनके साथ एक जुड़ाव था। ये बहुत अच्छा था क्योंकि वो वास्तव में बहुत हंसमुख इंसान हैं। सीन वैसे ही लिखे गए थे, लेकिन उन्होंने उनमें एक अलग ही जान डाल दी।"

करिश्मा कपूर ने हेलेन के बारे में क्या कहा

आपको बता दें कि करिश्मा कपूर और हेलेन ने पहली बार 'ब्राउन' में काम किया है। हालांकि, उनके परिवार के सभी लोग पहले ही हेलेन के साथ काम कर चुके थे। उनके पिता रणधीर कपूर ने 'कच्चा चोर' (1977) में हेलेन के साथ काम किया था, जबकि उनकी मां बबीता कपूर ने 'दस लाख' (1966), मनमोहन देसाई की 1968 की रोमांटिक थ्रिलर 'किस्मत', 'एक श्रीमान एक श्रीमती' (1969) और 'कब? क्यों? और कहाँ?' (1970) में हेलेन के साथ काम किया था।

करिश्मा ने इस बातचीत में बताया, "एक डांसर होने, डांसर्स के बीच बड़े होने और डांस सीखने का मतलब था उनकी फिल्में देखना और उनके गाने देखना। मेरी मां मुझे बताती थीं कि वो कितनी बेहतरीन डांसर थीं। मुझे अच्छी तरह याद है कि मेरी मां बताती थीं कि वो सेट पर आती थीं, बस असिस्टेंट कोरियोग्राफर को स्टेप करते हुए देखती थीं और उसे एकदम सही तरीके से कर देती थीं! मुझे लगता है कि यह एक आर्ट है।"

करिश्मा कपूर की छोटी बहन करीना कपूर ने भी मधुर भंडारकर की फिल्म 'हीरोइन' (2012) में हेलेन के साथ काम कर चुकी हैं। बता दें 87 साल की हेलेन ने इस फिल्म के बाद एक्टिंग नहीं की थी। लेकिन 'ब्राउन' के डायरेक्टर अभिनय देव के मनाने पर, वो एक बार फिर कैमरा फेस करने के लिये तैयार हो गईं। बता दें कि इस शो की शूटिंग चार साल पहले 2022 में हुई थी और उस वक़्त हेलेन की उम्र 83 थी।

ब्राउन सीरीज के बारे में

क्राइम-थ्रिलर सीरीज ‘Brown’ एक डार्क क्राइम ड्रामा है, जिसमें करिश्मा कपूर लीड रोल में हैं। ये सीरीज 5 जून 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज हुई है। बता दें कि सीरीज के पहले सीजन में कुल 7 एपिसोड हैं। कहानी एक शराब की लत से जूझ रही डिटेक्टिव रीटा ब्राउन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक रसूखदार परिवार की हत्या की जांच करती है। जांच के दौरान वो अपराध, भ्रष्टाचार और अपने निजी संघर्षों से भी जूझती है। बता दें कि ये सीरीज City of Death पर आधारित है।