
Anupam Kher last phone call Pahlaj Nihalani hospital: बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्माता और CBFC के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी के निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में मातम पसरा हुआ है। 76 साल की उम्र में लीवर की बीमारी के कारण नानावती अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके जाने से फिल्म जगत की कई हस्तियों की आंखें नम हैं।
इसी बीच, बॉलीवुड के बेहतरीन अभिनेता अनुपम खेर ने पहलाज निहलानी को सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो संदेश के जरिए श्रद्धांजलि दी है। अनुपम खेर ने बताया कि वह पहलाज जी के निधन की खबर सुनकर अंदर से पूरी तरह टूट गए हैं और उन्हें इस बात का जिंदगीभर मलाल रहेगा कि वह पिछले हफ्ते अस्पताल में उनसे मिलने क्यों नहीं जा सके।
अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर एक दिल छू लेने वाला पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा, "पहलाज निहलानी जी के निधन की खबर ने मेरे दिल में एक अजीब सा खालीपन ला दिया है। मैंने उनके साथ 'शोला और शबनम' सहित कई फिल्मों में काम किया। उनके साथ बिताया हर पल बेहद सुखद था।
पहलाज जी जितने बड़े और शानदार निर्माता थे, उससे कहीं ज्यादा वह एक बेहतरीन, हंसमुख और उदार दिल वाले इंसान थे। आज जब मैं उन्हें याद करता हूं, तो उनका मुस्कुराता हुआ चेहरा मेरी आंखों के सामने आ जाता है। पहलाज जी, आपकी बहुत याद आएगी। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे।"
वीडियो में अनुपम खेर ने एक हफ्ते पहले हुई अपनी आखिरी बातचीत का जिक्र भी किया। उन्होंने बताया, "अभी एक हफ्ता पहले ही कई महीनों बाद मुझे उनका मैसेज आया था, जिसमें उन्होंने पूछा था, 'आप कैसे हैं, अनुपम जी?' उन्हें जब भी मेरा कोई काम अच्छा लगता था, वह फौरन मैसेज करते थे। मैसेज देखकर मैंने उन्हें फोन किया और कहा कि पहलाज जी, मैं आपसे मिलना चाहता हूं।
इस पर उन्होंने बताया कि वह अभी अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन कल उन्हें छुट्टी मिल जाएगी। जब मैंने उनकी आवाज सुनी, तो वह काफी कमजोर और उदास लग रहे थे। उन्होंने मुझसे कहा कि मुझे थोड़ा ठीक होने दीजिए, फिर आप घर आ जाना। मैंने उनसे कहा ठीक है मैं अगले हफ्ते आता हूं। और आज मुझे पता चला कि वह अब हमारे बीच नहीं रहे। मुझे उनके पास न जा पाने का बहुत अफसोस है।"
अनुपम खेर ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के कड़वे सच पर बात करते हुए कहा, "इस ग्लैमर की दुनिया का यह एक दुर्भाग्यपूर्ण पहलू है कि लोग सिर्फ तब तक याद रखे जाते हैं जब तक वह सुर्खियों में रहते हैं। जैसे ही आप सुर्खियों से दूर होते हैं, बूढ़े होते हैं, यह दुनिया आपको भुला देती है। लेकिन जिन लोगों के जीवन को पहलाज जी ने छुआ, वह उन्हें कभी नहीं भूल पाएंगे।"
बता दें, पहलाज निहलानी ने साल 1982 में फिल्म 'हाथकड़ी' से बतौर प्रोड्यूसर अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 'अंदाज', 'तलाश' और 'जूली 2' जैसी फिल्मों का निर्माण किया। उन्हें अभिनेता गोविंदा को फिल्म 'इल्जाम' (1986) से बॉलीवुड में ब्रेक देने के लिए हमेशा याद किया जाएगा। सांताक्रूज श्मशान घाट पर हुए उनके अंतिम संस्कार में गोविंदा, वरुण धवन, शत्रुघ्न सिन्हा, बोनी कपूर और मलाइका अरोड़ा जैसी तमाम हस्तियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।