Udit Narayan News: उदित नारायण एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनकी पहली पत्नी रंजना ने बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सिंगर ने मुझसे बिना पूछे मेरी बच्चेदानी निकलवा दी थी और जब बिना तलाक लिए मुंबई में दूसरी शादी कर ली।
Udit Narayan First Wife Allegations: बॉलीवुड के फेमस प्लेबैक सिंगर उदित नारायण की निजी जिंदगी एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। उनकी पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने सिंगर के खिलाफ बिहार के सुपौल में महिला थाने में एक ऐसी शिकायत दर्ज कराई है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान हो गया है। रंजना ने उदित नारायण पर न केवल प्रताड़ना और धोखेबाजी के आरोप लगाए हैं, बल्कि एक बेहद गंभीर साजिश का भी दावा किया है। जैसे ही ये खबर आई उनके फैंस ने कमेंट की लाइन लगा दी। कोई एक्टर को सपोर्ट कर रहा है तो कोई उनकी आलोचना कर रहा है।
रंजना नारायण अपने वकील करुणाकांत झा के साथ थाने पहुंची थीं। उन्होंने उदित नारायण, उनके दो भाइयों (संजय और ललित झा) और उनकी दूसरी पत्नी दीपा नारायण पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रंजना का सबसे बड़ा दावा यह है कि साल 1996 में उदित नारायण और उनके भाई उन्हें इलाज के बहाने दिल्ली के एक अस्पताल ले गए थे। वहां उनकी जानकारी के बिना, धोखे से उनका 'यूट्रस' (गर्भाशय) निकलवा दिया गया। रंजना के मुताबिक, उस वक्त वहां दीपा भी मौजूद थीं, लेकिन किसी ने उन्हें इस सच की भनक तक नहीं लगने दी।
रंजना का कहना है कि उन्हें इस भयानक सच्चाई का पता तब चला जब वह कुछ समय बाद किसी दूसरी बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल गईं और वहां डॉक्टरों ने उन्हें इस बारे में बताया था। रंजना ने इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि इस घटना ने उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़कर रख दिया है।
रंजना ने बताया कि उदित नारायण से उनकी शादी 7 दिसंबर 1984 को हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। शादी के बाद उदित मुंबई चले गए और वहां उन्होंने रंजना को तलाक दिए बिना दीपा से दूसरी शादी कर ली। रंजना का आरोप है कि जब वह 2006 में अपने हक के लिए मुंबई पहुंचीं, तो उन्हें गालियां देकर घर से निकाल दिया गया। नेपाल स्थित ससुराल से भी उन्हें भगा दिया गया, जिसके बाद से वह अपने मायके में रह रही हैं।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह मामला करीब 30 साल पुराना है, इसलिए FIR दर्ज करने से पहले तथ्यों की गहराई से जांच की जाएगी। वहीं, उदित नारायण का रुख इस मामले में काफी सख्त रहा है। फरवरी 2025 में सुपौल की फैमिली कोर्ट में पेशी के दौरान उन्होंने रंजना के साथ किसी भी समझौते से इनकार कर दिया था। उदित ने लिखित जवाब में कहा था कि रंजना यह सब उनसे पैसे ऐंठने के लिए कर रही हैं और कोर्ट में झूठ बोल रही हैं।
महिला आयोग की जांच के अनुसार, उदित नारायण रंजना को हर महीने 25 हजार रुपये का गुजारा भत्ता दे रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने रंजना को एक करोड़ रुपये का घर और खेती की जमीन भी दी है। बावजूद इसके, रंजना का कहना है कि वह आर्थिक तंगी झेल रही हैं और सबसे बढ़कर वह अपने पति के साथ सम्मान से रहना चाहती हैं। दूसरी तरफ, उदित नारायण दीपा और अपने बेटे आदित्य नारायण के साथ अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं और रंजना को अपनाना नहीं चाहते हैं।