Lockie Ferguson on send off to Vaibhav Sooryavanshi: राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच शुक्रवार रात जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मैच में वैभव सूर्यवंशी को तीखा 'सेंड-ऑफ' देने के मामले में लॉकी फर्ग्यूसन ने काइल जैमीसन का बचाव किया है।
Lockie Ferguson on send off to Vaibhav Sooryavanshi: जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शुक्रवार रात राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को डीसी के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने काफी तीखा सेंड ऑफ दिया था। इसको लेकर जैमीसन की काफी आलोचना हुई। इतना ही नहीं, इस हरकत के लिए बीसीसीआई की ओर से भी उनके खिलाफ कार्रवाई भी की गई। इस घटना के बाद उनके टीममेट लॉकी फर्ग्यूसन उनके सपोर्ट में उतरे हैं। उन्होंने जैमीसन का बचाव करते हुए जोर देकर कहा कि इस तरह से अपनी भावनाओं को जाहिर करना खेल का ही एक हिस्सा है।
दरअसल, यह घटना राजस्थान रॉयल्स की पारी की शुरुआत में हुई थी। मैच के दूसरे ही ओवर में जैमीसन ने एक सटीक यॉर्कर फेंकी और वैभव सूर्यवंशी को सिर्फ 4 रन पर आउट कर दिया। इस गेंद ने उनकी गेंदबाज़ी पर उनके नियंत्रण और सटीकता को साबित कर दिया। लेकिन, जैमीसन ने जिस तरह से विकेट का जश्न मनाया, उससे एक विवाद खड़ा हो गया। जैमीसन ने आक्रामक तरीके से तालियां बजाई और वैभ की ओर बढ़ते हुए उनसे नजरें मिलाईं। वैभव की कम उम्र को देखते हुए जैमीसन के इस 'सेंड-ऑफ' की काफी आलोचना हुई।
बीसीसीआई ने मैच नंबर 43 के दौरान आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए काइल जैमीसन को एक डिमेरिट अंक दिया। इसके साथ ही फटकार भी लगाई। उन्हें आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के तहत लेवल 1 का दोषी पाया गया। यह अनुच्छेद ऐसी भाषा, हरकत या इशारों का इस्तेमाल करने से संबंधित है, जो किसी दूसरे खिलाड़ी का अपमान करते हो या उससे कोई आक्रामक प्रतिक्रिया भड़का सकते हों।
फटकार के बावजूद लॉकी फर्ग्यूसन ने काइल जैमीसन का बचाव किया है। लॉकी ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा कि काइल मेरा बहुत अच्छा दोस्त है। वह विकेट लेने के बाद काफी जोश में आ गया था और यह बात पूरी तरह से समझ में आती है। दुनिया के इस हिस्से में विकेट लेना बिल्कुल भी आसान नहीं होता और यह एक बहुत बड़ा विकेट था। इसलिए मुझे लगता है कि यह खेल का ही एक हिस्सा है। मुझे लगता है कि फैंस को खिलाड़ियों का यह जुनून देखना पसंद आता है।
उन्होंने आगे कहा कि मैं गवर्निंग बॉडी के नजरिए से तो कोई टिप्पणी नहीं कर सकता, लेकिन एक खिलाड़ी के तौर पर खेल के दौरान खिलाड़ियों का जुनून बाहर आना बहुत अच्छी बात है। एक फैन के तौर पर आपको यह देखना अच्छा लगता है कि खिलाड़ी कितने जोशीले हैं, वे अपनी भावनाएं जाहिर कर रहे हैं, और विकेट लेने के बाद कितने उत्साहित हैं। लॉकी ने आगे कहा कि जाहिर है, काइल कद-काठी में भी काफी बड़ा है। इसलिए जब कोई इतना बड़ा खिलाड़ी अपनी भावनाएं जाहिर करता है तो वह और भी ज्यादा प्रभावशाली और बड़ा दिखाई देता है।