क्रिकेट

उलटफेर करने में माहिर है स्कॉटलैंड, वर्ल्ड चैम्पियन समेत इन टीमों को टी20 वर्ल्ड कप में दी है मात

स्कॉटलैंड की टीम सातवीं बार टी20 वर्ल्ड कप में भाग लेने जा रही है। टीम उलटफेर करने में माहिर है। टी20 वर्ल्ड कप 2021 में स्कॉटलैंड ने बांग्लादेश को 6 रनों से हराया था। वहीं 2022 के टूर्नामेंट में उन्होंने वेस्टइंडीज पर 42 रनों से जीत दर्ज़ की थी।
2 min read
Jan 25, 2026
T20 world cup 2026
स्कॉटलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की जगह लेने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। (photo - Scottland cricket official Site)

Scotland, T20 world cup 2025: टी20 विश्व कप 2026 से बांग्लादेश के आधिकारिक रूप से बाहर होने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने उसकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया है। इस अचानक मिले मौके से स्कॉटलैंड क्रिकेट में उत्साह की लहर दौड़ गई है। क्रिकेट स्कॉटलैंड ने विश्व कप में खेलने का अवसर देने के लिए आईसीसी का आभार जताया है।

स्कॉटलैंड की सीईओ ट्रुडी लिंडब्लेड ने आईसीसी का आभार जताया

क्रिकेट स्कॉटलैंड की सीईओ ट्रुडी लिंडब्लेड ने बताया, “हमें आईसीसी की ओर से एक पत्र मिला, जिसमें पूछा गया था कि क्या हमारी पुरुष टीम टी20 विश्व कप में हिस्सा ले सकती है। हमने इस प्रस्ताव को तुरंत स्वीकार कर लिया।” वहीं क्रिकेट स्कॉटलैंड के अध्यक्ष विल्फ वॉल्श ने कहा कि उन्हें सुबह आईसीसी अध्यक्ष जय शाह का फोन आया था, जिसमें यह पुष्टि की गई कि स्कॉटलैंड को आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में खेलने का प्रस्ताव दिया जा रहा है। वॉल्श ने कहा, “अपनी टीम की ओर से इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। हमारी टीम पूरी तरह तैयार है और इस मौके के लिए हम आईसीसी के आभारी हैं।”

टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश करेंगे

वॉल्श ने आगे कहा, “यह स्कॉटलैंड के खिलाड़ियों के लिए वैश्विक मंच पर लाखों दर्शकों के सामने खेलने और खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर है। भले ही यह मौका कठिन और असामान्य परिस्थितियों में मिला हो, लेकिन हमारे खिलाड़ी टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश करेंगे।” उन्होंने यह भी बताया कि स्कॉटलैंड की टीम जल्द ही भारत पहुंचकर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की तैयारी करेगी।

स्कॉटलैंड को बांग्लादेश की जगह ग्रुप सी में शामिल किया

टी20 विश्व कप 2026 में स्कॉटलैंड को बांग्लादेश की जगह ग्रुप सी में शामिल किया गया है। टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ करेगी। इसके बाद 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड से भिड़ंत होगी। ग्रुप के ये सभी मुकाबले कोलकाता में खेले जाएंगे। वहीं 17 फरवरी को मुंबई में स्कॉटलैंड का आखिरी ग्रुप-स्टेज मुकाबला नेपाल के खिलाफ होगा।

स्कॉटलैंड सातवीं बार टी20 विश्व कप में हिस्सा लेगा

गौरतलब है कि स्कॉटलैंड की टीम टी20 विश्व कप 2026 के लिए सीधे क्वालिफाई नहीं कर पाई थी। यह चौथी बार था जब वह क्वालिफिकेशन से चूक गई। इससे पहले 2010, 2012 और 2014 के संस्करणों में भी टीम टूर्नामेंट में जगह नहीं बना सकी थी। हालांकि, अब स्कॉटलैंड सातवीं बार टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने जा रही है। इससे पहले वह 2007, 2009, 2016, 2021, 2022 और 2024 के टी20 विश्व कप में खेल चुकी है।

इन टीमों के खिलाफ कर चुका है उलटफेर

स्कॉटलैंड का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2021 में देखने को मिला था, जब टीम सुपर-12 चरण तक पहुंची थी। बाकी पांच मौकों पर वह ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बावजूद स्कॉटलैंड को उलटफेर करने वाली टीम के तौर पर जाना जाता है। टी20 विश्व कप 2021 में उसने बांग्लादेश को छह रन से हराकर चौंकाया था, जबकि 2022 के टूर्नामेंट में दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को 42 रन से मात देकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।

Published on:
25 Jan 2026 12:48 pm