Asha Bhosle First Marriage Struggles: रविवार, 12 अप्रैल को दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले का निधन हो गया। आशा भोसले की पहली शादी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही। अपनी पहली शादी के बारे में बात करते हुए उन्होंने एक बार बताया था कि एक वक्त ऐसा भी आया तह जब उन्होंने खुद को खत्म करने तक का फैसला कर लिया था।
Asha Bhosle First Marriage Struggles: इस रविवार 12 अप्रैल को संगीत जगत और फिल्म जगत की महान गायिका आशा भोसले का निधन हो गया। खबरों के अनुसार, वो बीते कुछ समय से अस्वस्थ थीं और 'कमजोरी और चेस्ट इंफेक्शन' के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के चलते उनका निधन हो गया।
बॉलीवुड में अपने लंबे और शानदार करियर के लिए जानी जाने वाली आशा भोसले को इंडस्ट्री में सब आशा ताई के नाम से बुलाते हैं। आशा भोसले अपने निजी जीवन को लेकर भी हमेशा सुर्खियों में रहीं। अपनी शादीशुदा जिंदगी और उस दौर की कठिनाइयों के बारे में उन्होंने हमेशा खुलकर बात की। वो अक्सर इंटरव्यूज में अपनी लव लाइफ और अपनी पहली शादी के बारे में खुलकर बात करती थीं।
दिग्गज गायिका आशा भोसले ने 16 साल की उम्र में अपने से 15 साल बड़े गणपतराव भोसले से शादी की, जो उस समय 31 साल के थे। कविता छिब्बर को दिए एक इंटरव्यू में आशा भोसले ने खुलासा किया कि उन्होंने यह फैसला अपने परिवार की इच्छा के विरुद्ध लिया था। उन्होंने कहा, "मैंने बहुत कम उम्र में एक ऐसे व्यक्ति से शादी कर ली जो मुझसे 15 साल बड़े थे। हमने प्रेम विवाह किया था जिसके कारण लता दीदी ने मुझसे लंबे समय तक बात नहीं की। उन्हें यह रिश्ता मंजूर नहीं था। परिवार बहुत रूढ़िवादी था और वो एक गायिका को बहू के रूप में स्वीकार नहीं कर सकते थे।"
बीते कुछ सालों में, उन्होंने अक्सर अपने पहले विवाह के संघर्षों के बारे में बताया है, जिनमें उनकी बायोग्राफी भी शामिल है। फर्स्टपोस्ट के अनुसार, “वहां दुर्व्यवहार और बुरा बर्ताव होता था, और आखिरकार मुझे अपने सबसे छोटे बेटे आनंद जो उस वक्त मेरे गर्भ में थे, उस दौरान घर छोड़ने के लिए कहा गया, और मैं अपनी माँ, बहनों और भाई के पास वापस चली गई। मैं किसी को दोष नहीं देती और न ही किसी के प्रति कोई दुर्भावना रखती हूं। मुझे लगता है कि अगर मैं श्री भोसले से नहीं मिली होती, तो मेरे ये तीन प्यारे बच्चे नहीं होते और जीवन इतना अच्छा नहीं चल पाता।”
अपनी जिंदगी के सबसे मार्मिक पलों में से एक में उन्होंने कहा, "मेरे पति गुस्सैल स्वभाव के थे। शायद उन्हें दूसरों को पीड़ा पहुंचाना अच्छा लगता था, शायद वे एक क्रूर स्वभाव के व्यक्ति थे। लेकिन इसके बारे में बाहर किसी को पता नहीं चलता था। मैंने उनका सम्मान किया, उनके कामों पर कभी सवाल नहीं उठाया। मैंने हिंदू धर्म के अनुसार अपना कर्तव्य निभाया।"
आशा भोसले के अनुसार, कभी-कभी हालत इतनी खराब हो जाती थी कि मुझे लगता था कि "मुझे आत्महत्या कर लेनी चाहिए। मैं बीमार थी। मैं चार महीने की गर्भवती थी और अस्पताल में भर्ती हो गई, जहां की हालत इतनी खराब थी कि मुझे लगा जैसे मैं नरक में आ गई हूं। मैं मानसिक पीड़ा से गुजर रही थी। इसलिए मैंने नींद की गोलियों की एक पूरी बोतल निगल ली। लेकिन अपने अजन्मे बच्चे के लिए मेरा प्यार इतना प्रबल था कि मैं मरी नहीं। मुझे जीवन में वापस खींच लिया गया, जीने के लिए।"
पहली शादी टूटने के कई सालों बाद उन्हें म्यूजिक डायरेक्टर आर.डी. बर्मन जैसा प्यार करने वाला जीवनसाथी मिला। सल्ल 1980 में दोनों ने शादी की और उनके रिश्ते में कुछ उतार-चढ़ाव भी आए। खबरों के अनुसार, आपसी मतभेदों के कारण दोनों बाद में अलग-अलग रहने लगे थे।