मनोरंजन

‘आपके सवाल का जवाब फिल्म में है’, ‘राजा शिवाजी’ एक्टर रितेश देशमुख ने बीजेपी नेता को दिया करारा जवाब

Raja Shivaji Controversy: बीजेपी नेता सुरेश नखुआ ने सोशल मीडिया पर रितेश देशमुख की आने वाली फिल्म 'राजा शिवाजी' में छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने और अपमानित करने का आरोप लगाया। अब एक्टर-डायरेक्टर ने नखुआ को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर करारा जवाब देते हुए लिखा है कि 1 मई को फिल्म जरूर देखें आपको जवाब मिल जाएगा।

2 min read
Apr 22, 2026
Raja Shivaji Controversy
रितेश देशमुख ने दिया करारा जवाब (फोटो सोर्स: IMDb)

Riteish Deshmukh Raja Shivaji Controversy: बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख मोस्ट अवेटेड फिल्म 'राजा शिवाजी' का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है। फिल्म में रितेश देशमुख मुख्य भूमिका में हैं और फिल्म का निर्देशन भी उन्होंने ही किया है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद से एक सीन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज (रितेश) एक किरदार को खुलेआम वाघ नख दिखा रहे हैं। इस सीन को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि असलियत में छत्रपति शिवाजी महाराज ने अफजल खान के हमले से पहले तक वाघ का नाख़ून अपने पास छिपा कर रखा हुआ था।

बीजेपी नेता सुरेश नखुआ ने रितेश देशमुख पर लगाया आरोप (Riteish Deshmukh Raja Shivaji Controversy)

जानकारी के लिए बता दें कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर भाजपा नेता सुरेश नखुआ ने भी सोशल मीडिया पर रितेश देशमुख पर छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने और उसका अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने ट्वीट किया, "रितेश देशमुख की फिल्म के ट्रेलर में दिखाया गया है कि छत्रपति शिवाजी महाराज हमले से पहले अफजल खान को खुलेआम वाघ (टाइगर) का नाखून दिखा रहे हैं। जबकि ऐतिहासिक तथ्य ये है कि वाघ नख छिपाकर रखा जाता था और छत्रपति शिवाजी महाराज ने अफजल के हमले के बाद ही इसका इस्तेमाल किया था। @RITEISHD छत्रपति शिवाजी महाराज और महाराष्ट्र के इतिहास, विरासत और गौरव को क्यों तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं और उनका अपमान कर रहे हैं???"

रितेश देशमुख ने दिया करारा जवाब

नखुआ के ट्वीट पर रिएक्शन देते हुए रितेश ने लिखा, "आदरणीय महोदय, कृपया 1 मई को फिल्म जरूर देखें… आपके सवाल का जवाब फिल्म में है। मुझे आशा है कि आप अपने दोस्तों और फैमिली के साथ फिल्म का आनंद लेंगे। जय शिवराय।"

राजा शिवाजी का ट्रेलर, कास्ट और रिलीज डेट (Raja Shivaji Release Date)

जानकारी के लिए बता दें कि 'राजा शिवाजी' के ट्रेलर को दर्शकों से काफी पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला है और म्यूजिक जोड़ी अजय-अतुल के म्यूजिक ने सबका ध्यान आकर्षित किया है। दर्शक इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं, क्योंकि इसमें इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गज कलाकारों ने अभिनय किया है। बता दें कि फिल्म में रितेश देशमुख के अलावा संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते और जेनेलिया देशमुख भी हैं। राजा शिवाजी में सलमान खान भी महत्वपूर्ण कैमियो करते नजर आएंगे। 'राजा शिवाजी' फिल्म आने वाली 1 मई, 2026 को रिलीज होने वाली है। फिल्म को मराठी, हिंदी और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।