
Trisha Krishnan Gets Emotional: रविवार (10 मई) को तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में थलापति विजय के शपथ ग्रहण समारोह में राजनीति के बड़े-बड़े दिग्गजों के साथ पॉपुलर साउथ एक्ट्रेस तृषा कृष्णन भी मौजूद रहीं। इस शपथ समारोह के बाद सी. जोसेफ विजय का राज्य के सीएम के रूप में पहले भाषण का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उनकी रूमर्ड गर्लफ्रेंड तृषा कृष्णन को भावुक होते हुए देखा जा सकता है।
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित हुए इस समारोह में राजनीतिक नेता, हस्तियां और विजय के परिवार के सदस्य शामिल हुए। इसमें तृषा कृष्णन नीली साड़ी पहनकर अपनी मां उमा कृष्णन के साथ पहुंचीं।
एंट्री करने से पहले, एक्ट्रेस ने मीडिया से थोड़ी बातचीत करने के दौरान जब एक रिपोर्टर ने इसे "तमिलनाडु के लिए एक बड़ा दिन" बताया, तो तृषा ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "हां। धन्यवाद, धन्यवाद। आगे के लिए एक्साइटेड हूं," और फिर अंदर चली गईं।
इसके तुरंत बाद, विजय के फैंस द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में तृषा को विजय का भाषण ध्यान से सुनते हुए दिखाया गया। वायरल हो रहे इस वीडियो में, राज्य के नए मुख्यमंत्री द्वारा तमिलनाडु की जनता को संबोधित करते समय तृषा कृष्णन की आंखों में आंसू आ गए, लेकिन वो मुस्कुराती रहीं।
मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले भाषण में विजय ने तमिलनाडु के नागरिकों को धन्यवाद दिया और अपने कार्यकाल में एक नए युग की शुरुआत की बात कही। उन्होंने कहा, "आइए, हम सब मिलकर तमिलनाडु को एक नई सरकार दें। यह एक नई शुरुआत है, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के एक नए युग की शुरुआत है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं कोई दिव्य दूत या पैगंबर नहीं हूं। मैं बस एक साधारण इंसान हूं जो सामान्य जीवन जी रहा है। मैं आपको कभी झूठे वादों से धोखा नहीं दूंगा। मैं केवल वही वादा करूंगा जो मैं पूरा करने में समर्थ होऊंगा।"
विजय के साथ तृषा के रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों के बीच उनका ये इमोशनल वीडियो वायरल हो गया। इन दोनों सितारों ने साथ में कई सुपरहिट तमिल भाषा की फिल्में दी हैं, जिनमें 'घिल्ली', 'तिरुपाची', 'आथी' और 'कुरुवी' शामिल हैं। इस फिल्मों के बाद करीब 15 सालों बाद दोनों एक बार फिर लोकेश कनगराज द्वारा निर्देशित फिल्म 'लियो' में नजर आए थे।
हाल के महीनों में, विजय और तृषा दोनों ही अपने निजी जीवन से जुड़ी अफवाहों के कारण सुर्खियों में रहे हैं। इस साल की शुरुआत में खबरें आई थीं कि विजय की पत्नी संगीता सोरनलिंगम ने तलाक के लिए अर्जी दी है। हालांकि, विजय और तृषा दोनों ने ही अपने रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है।