मनोरंजन

कौन हैं अनीता आडवाणी? जो मांग रही राजेश खन्ना की पत्नी होने का हक, हाईकोर्ट से मिला झटका

Anita Advani: अनीता आडवाणी ने दावा किया था कि वह राजेश खन्ना के साथ कई सालों तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहीं थीं। साल 2012 में डिम्पल कपाड़िया ने उन्हें एक्टर के बंगले 'आशीर्वाद' से बाहर नहीं निकाल दिया।
3 min read
Apr 02, 2026
Anita Advani Relationship with Rajesh Khanna
राजेश खन्ना की पत्नी होने का हक मांग रही अनीता आडवाणी को मिला झटका। (फोटो सोर्स: IMDb)

Anita Advani: बॉम्बे हाई कोर्ट ने बीते बुधवार को एक्ट्रेस अनीता आडवाणी की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने दिवंगत बॉलीवुड सुपरस्टार राजेश खन्ना के साथ अपने कथित रिश्ते को शादी के रूप में मान्यता देने की मांग की थी।

राजेश खन्ना के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहीं थीं अनीता आडवाणी (Anita Advani Relationship with Rajesh Khanna)

बता दें कि अनीता आडवाणी ने ये अपील 2017 में मुंबई की दिंडोशी सत्र अदालत के उस फैसले के खिलाफ की थी, जिसमें उनके दीवानी मुकदमे को पहले ही खारिज कर दिया गया था। यह मुकदमा उन्होंने जुलाई 2012 में राजेश खन्ना के निधन के बाद राहत पाने के लिए दायर किया था। अनिता आडवाणी का कहना था कि वो राजेश खन्ना के साथ कई सालों तक लिव-इन रिलेशनशिप में थीं। लेकिन 2012 में उनकी अलग रह रही पत्नी डिंपल कपाड़िया, बेटी ट्विंकल खन्ना और दामाद अक्षय कुमार ने उन्हें मुंबई के उनके बंगले ‘आशीर्वाद’ से बाहर निकाल दिया।

घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत दर्ज की थी शिकायत

साल 2013 में, अनीता ने राजेश खन्ना की पत्नी डिंपल कपाड़िया, दोनों बेटियों ट्विंकल खन्ना और रिंकी खन्ना के साथ ही दामाद और बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार के खिलाफ मजिस्ट्रेट के समक्ष घरेलू हिंसा अधिनियम (डीवीए) के प्रावधानों के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। इसके साथ ही अनीता ने ये भी दावा किया कि राजेश खन्ना के निधन के बाद उन्हें उनके मुंबई स्थित बंगले 'आशीर्वाद' से भी बेदखल कर दिया गया था और उन्होंने महीने का गुजारा-भत्ता और मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा में तीन बेडरूम वाले फ्लैट की मांग की थी।

2015 में, हाई कोर्ट ने अनीता आडवाणी की शिकायत खारिज कर दी और कपाड़िया, उनकी बेटियों और अक्षय कुमार द्वारा दायर की गई याचिकाओं को स्वीकार करते हुए मामले को खारिज करने की मांग की। मुकदमे को रद्द करते हुए, हाई कोर्ट ने कहा था कि अनीता आडवाणी और राजेश खन्ना का संबंध विवाह की प्रकृति का नहीं था और इसलिए वो घरेलू हिंसा अधिनियम (डीवीए) के प्रावधानों के तहत राहत की नहीं मांग सकतीं। इसके साथ ही अदालत ने कहा था कि दिवंगत फिल्म स्टार के किसी भी फैमिली मेंबर्स को कानूनी कार्यवाही में शामिल नहीं किया जा सकता क्योंकि अनीता आडवाणी कभी भी उनके साथ नहीं रहीं थीं।

फिल्म इंडस्ट्री में कोई भी ऐसी बातें खुलकर नहीं करता

मेरी सहेली को दिए एक इंटरव्यू में अनीता ने कहा, “हमने निजी तौर पर शादी कर ली, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में कोई भी ऐसी बातें खुलकर नहीं करता। सब कहते हैं ‘हम दोस्त हैं’ या ‘हम रिलेशनशिप में हैं’ या कुछ और। लेकिन मीडिया में पहले ही यह खबर आ चुकी थी कि मैं उनके साथ हूं, इसलिए हम दोनों में से किसी को भी सार्वजनिक रूप से अपनी शादी की घोषणा करने की जरूरत महसूस नहीं हुई। हमें कभी ऐसी जरूरत महसूस नहीं हुई।”

इसके आगे उन्होंने बताया, “हमारे घर में एक छोटा सा मंदिर था। मैंने सोने का मंगलसूत्र बनवाया, जिसमें काले मोती जड़े थे। उन्होंने मुझे वो मंगलसूत्र पहनाया। फिर उन्होंने सिंदूर लगाया और कहा, ‘आज से तुम मेरी जिम्मेदारी हो।’ बस यूं ही एक रात हमारी शादी हो गई।”

राजेश खन्ना की जिंदगी में डिंपल कपाड़िया से पहले आई थी अनीता आडवाणी

इसके आगे एक्ट्रेस डिंपल कपाडिया के बारे में बात करते हुए अनीता ने कहा, “हां, मैं डिंपल कपाड़िया से पहले उनके जीवन में आई थी। लेकिन उस समय हमारी शादी नहीं हुई क्योंकि मैं बहुत छोटी थी। बाद में मैं जयपुर वापस चली गई।”

अनीता आडवाणी का फिल्मीं कनेक्शन

अनीता आडवाणी एक 80 के दशक में बॉलीवुड की 'दासी' (1981), 'आओ प्यार करें' (1983) और 'साज़िश' (1988) जैसे फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं। हालांकि, उनका फिल्मी करियर बहुत छोटा रहा। खबरों के मुताबिक, अनीता फिलीपींस के पूर्व राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस की भतीजी हैं।

Updated on:
02 Apr 2026 12:45 pm
Published on:
02 Apr 2026 12:45 pm