
एटा। पुलिस और स्वॉट टीम ने ट्रक लूट की योजना बनाते तीन शातिर अर्न्तजनपदीय लुटेरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक ट्रक, एक टाटा सूमो गोल्ड गाड़ी, दो तमंचे, पांच कारतूस और लूटी गयी चार सिलाई मशीनें भी बरामद की हैं। जबकि इस दौरान गिरोह के पांच अन्य शातिर लुटेरे फरार होने में सफल हो गये।
परचून से भरे ट्रक लूट में थे शामिल
एन एच 91 पर थाना मलावन पुलिस और स्वाट टीम को चैकिंग के दौरान ट्रक लूट की योजना बना रहे शातिर लुटेरों के गिरोह की सूचना मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को देख कर लुटेरों ने फायरिंग कर दी। नगला सूड़ा के समीप मुठभेड़ के बाद तीनों शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किये गये लुटेरों ने कई वारदात करना कबूल किया है।
सरगना औऱ पांच अन्य लुटेरों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक थाना मलावन क्षेत्र के आसपुर गांव के समीप 25 फरवरी को गाजियाबाद से मुज्जफरपुर जा रहे ट्रक जिसमें परचून और सिलाई मशीनें लदी थीं उस ट्रक को टाटा सूमो गोल्ड सवार इन्हीं बदमाशों ने ड्राइवर और क्लीनर को बंधक बनाकर लूट लिया था, जिसे कानपुर देहात पुलिस ने बरामद कर लिया था। वहीं पुलिस गिरफ्तार किये गये अर्न्तजनपदीय गैंग के इन शातिर लुटेरों से पूछताछ कर गैंग के सरगना समेत अन्य फरार पांच लुटेरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।