फतेहपुर

पांच रुपये की टॉफी खाई तो मां ने गर्म चाकू से दागे बेटे के पैर, कमरे में बंद कर जन्मदिन मनाने चली गई

Fatehpur News: फतेहपुर में पांच रुपये की टॉफी खाने पर मां ने छह साल के बेटे के पैर गर्म चाकू से दाग दिए। बच्चे को कमरे में बंद कर मां जन्मदिन की पार्टी में चली गई।
2 min read
Aug 08, 2026
Fatehpur
मां ने छह साल के बेटे के पैर गर्म चाकू से दाग दिए (AI Photo)

Fatehpur Child Abuse Case: फतेहपुर में छह साल के मासूम के साथ मां की हैरान करने वाली हरकत सामने आई है। आरोप है कि पांच रुपये की टॉफी खाने से नाराज मां ने पहले बेटे की पिटाई की और फिर गर्म चाकू से उसके दोनों तलवों को दाग दिया। इसके बाद बच्चे को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और खुद पड़ोसी के घर जन्मदिन की पार्टी में चली गई। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों को घटना का पता चला। पुलिस ने बच्चे को अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पांच रुपये की टॉफी पर भड़की मां

मामला राधानगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, बच्चे के पिता निजी कंपनी में इंदौर में नौकरी करते हैं। फिलहाल, वह छुट्टी पर घर आया है। उनकी पत्नी गांव में अपने छह साल के बेटे के साथ रहती हैं।

शुक्रवार को पत्नी ने बेटे को 20 रुपये देकर गुटखा लाने के लिए भेजा था। बच्चे ने 15 रुपये का गुटखा खरीदा और बचे हुए पांच रुपये की टॉफी खा ली। घर लौटने पर जब मां को पता चला कि पांच रुपये की टॉफी खा ली गई है तो वह गुस्से में आ गई।

फतेहपुर पुलिस

गर्म चाकू से दोनों तलवे दागे

आरोप है कि गुस्से में मां ने पहले बच्चे की पिटाई की। इसके बाद गैस पर चाकू गर्म किया और बच्चे के दोनों पैरों के तलवों को गर्म चाकू से दाग दिया। जिसके बाद बच्चा दर्द से बुरी तरह कराहता रहा।

आरोप है कि इसके बाद भी मां को बच्चे पर तरस नहीं आया। उसने घायल बच्चे को एक कमरे में बंद किया और बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद वह पड़ोसी के घर आयोजित जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने चली गई।

बच्चे की चीख से पड़ोसियों को पता चला

कुछ देर बाद पड़ोसी का बेटा बच्चे को बुलाने उसके घर पहुंचा। कमरे के अंदर से बच्चे के रोने और कराहने की आवाज सुनाई दी। उसने तुरंत अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कमरे में बच्चा दर्द से कराह रहा था और उसके दोनों तलवे झुलसे हुए थे। पड़ोसियों ने किसी तरह कमरे का ताला खुलवाया और बच्चे को बाहर निकाला। इसके बाद घटना की जानकारी उसके पिता को दी गई।

बेटे की हालत देख पिता के निकले आंसू

घटना की सूचना मिलने के बाद पिता बेटे की हालत देखकर वह भावुक हो गए। उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी और अपनी पत्नी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल बच्चे को जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी मां के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

थाना प्रभारी श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चे को अस्पताल भेजकर उसका मेडिकल कराया गया है। पिता की तहरीर पर आरोपी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस ने यह भी कहा कि बच्चे से तंबाकू या गुटखा मंगवाना कानूनी और नैतिक दोनों रूप से गलत है। कोटपा अधिनियम के तहत बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचना या उनसे बिकवाना या मंगवाना अपराध है।


Updated on:
08 Aug 2026 12:41 pm
Published on:
08 Aug 2026 12:31 pm