आईपीएल

IPL 2021: कोराना की वजह से खिलाड़ियों के बाद अंपायरों ने भी किया टूर्नामेंट से किनारा

टूर्नामेंट से बाहर निकलने वाले ये दोनों अंपायर आईसीसी के अंपायरों की एलीट पैनल का हिस्सा हैं।

2 min read

कोरोना के कहर की वजह से इंडियन प्रीमियर लीग के 14 वें संस्करण (IPL 2021) पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। आईपीएल में खेल रहे कुछ विदेशी खिलाड़ी इस टूर्नामेंट को बीच में ही छोड़कर वापस अपने देश चले गए हैं। टूर्नामेंट से नाम वापस लेने का सिलसिला अब भी जारी है। अब खिलाड़ियों के बाद अंपायर भी टूर्नामेंट से किनारा कर रहे हैं। बता दें कि रविचंद्रन अश्विन, एंड्रयू टाय, लियाम लिविंगस्टोन, एडम जम्पा और केन रिचर्डसन सहित पांच खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से अपने नाम वापस ले लिए हैं। अब इस सूची में दो अंपायर के नाम भी जुड़ गए हैं। टूर्नामेंट से बाहर निकलने वाले ये दोनों अंपायर आईसीसी के अंपायरों की एलीट पैनल का हिस्सा हैं।

नितिन मेनन और पॉल रिफेल
रिपोर्ट के अनुसार, अंपायर नितिन मेनन और ऑस्ट्रेलियाई पॉल रिफेल ने निजी कारणों का हवाला देते हुए आईपीएल 2021 से हटने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि अंपायर नितिन मेनन ने टूर्नामेंट बीच में ही छोड़ने का फैसला लिया। वे इंदौर अपने घर चले गए हैं। वहीं पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सीमर रिफेल ऑस्ट्रेलियाई सरकार द्वारा भारत से उड़ानों की अनुमति नहीं देने के बारे में चिंता के कारण वापस चले गए हैं।

मां और पत्नी हुईं संक्रमित
रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि अंपायर नितिन मेनन की मां और पत्नी कोरोना संक्रमित हो गई हैं। इसी वजह से उन्होंने आईपीएल बीच में छोड़ने का फैसला लिया। अधिकारी ने कहा कि उम्मीद है कि नितिन मी मां और पत्नी जल्द स्वस्थ हो जाएंगे। साथ ही कहा कि बीसीसीआई हमेशा किसी भी मदद की आवश्यकता के लिए उनके साथ है। हमारे पास जो बैकअप हैं उनका उपयोग उन मैचों में किया जाएगा जो उन्हें सौंपे गए थे।

बीसीसीआई ने दिया खिलाड़ियों को घर वापसी का आश्वासन
बता दें कि बीसीसीआई के सीओओ हेमांग अमीन ने हाल ही आईपीएल की सभी आठ टीमों, खिलाड़ियों, अधिकारियों, कमेंटेटरों के साथ-साथ कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ को एक ईमेल भेजा था। इस ईमेल में उन्होंने सभी को आश्वासन दिया है कि कि टूर्नामेंट खत्म होने के बाद सभी को उनके घर और देश भेजने के लिए बोर्ड परिवहन की व्यवस्था करेगा। बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार द्वारा 15 मई तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में आईपीएल में खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर्स को घर वापसी की चिंता हो रही है।

यह भी जानें -IPL 2021 Points Table

यह भी जानें -IPL 2021 Purple Cap Holders List

यह भी जानें -IPL 2021 Orange Cap Holders List

Published on:
29 Apr 2021 12:20 pm
Also Read
View All