जयपुर

RBSE 10th Result 2026: ‘म्हारी छोरियां कम नहीं’- बोर्ड परीक्षा में लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों को छोड़ा पीछे

RBSE Result 2026 News: राजस्थान बोर्ड 10वीं का रिजल्ट 2026 जारी, कुल पास प्रतिशत 94.23% रहा। छात्राओं ने 94.90% के साथ लड़कों को पछाड़ा। RBSE Result 2026 की पूरी जानकारी पढ़ें।
2 min read
Mar 24, 2026
Feature image

RBSE Result 2026 News: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने मंगलवार दोपहर 1 बजे 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने अजमेर स्थित बोर्ड कार्यालय से परिणाम की घोषणा की। इस घोषणा के साथ ही राज्य के 10 लाख से अधिक विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया। आपको बता दें, इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया है। कुल परिणाम 94.23 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के मुकाबले बेहतर है।

10 लाख से ज्यादा छात्रों ने दी परीक्षा

इस साल 10वीं परीक्षा के लिए कुल 10,66,561 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 10,49,068 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। फरवरी महीने में आयोजित इन परीक्षाओं का परिणाम अपेक्षाकृत जल्दी जारी किया गया, जिससे छात्रों और अभिभावकों में उत्साह देखा गया। आमतौर पर रिजल्ट अप्रैल महींने तक आता है। इस बार परिणाम में भी सुधार देखने को मिला है, जो शिक्षा व्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। ये लड़कियों की शिक्षा बढ़ोत्तरी को दर्शाता है।

लड़कियां फिर बनीं आगे, पास प्रतिशत में बढ़त

RBSE के जारी आंकड़ों के अनुसार छात्राओं का पास प्रतिशत 94.90 रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 93.63 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस तरह लड़कियों ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन कर अपनी बढ़त कायम रखी है। पिछले साल भी छात्राओं ने ही बाजी मारी थी और इस बार भी वही ट्रेंड जारी रहा। यह लगातार बढ़ती शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा और छात्राओं की मेहनत को दर्शाता है।

इस बार कई मायनों में खास रहा ये रिजल्ट

RBSE 10वीं का यह परिणाम कई कारणों से ऐतिहासिक माना जा रहा है। पहली बार 10वीं का रिजल्ट 12वीं से पहले जारी किया गया है। इसके अलावा बोर्ड के इतिहास में यह पहला मौका है जब मार्च महीने में ही परिणाम घोषित किया गया है। अगर पिछले साल की बात करें तो 2025 में भावना ने 99.67% अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया था, जबकि पूजा भादू और वंदना तंवर 99.50% के साथ दूसरे स्थान पर रहीं थीं। इस बार भी छात्रों से बेहतर प्रदर्शन कर छात्राओं ने यह साबित कर दिया है कि शिक्षा के क्षेत्र में वे लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।

Updated on:
24 Mar 2026 04:10 pm
Published on:
24 Mar 2026 03:40 pm