
Election News Hindi: BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे हैं। लखनऊ में बीजेपी अध्यक्ष संगठनात्मक बैठकें करेंगे एवं जन प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। नितिन नबीन के दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी ने निशाना साधा है। लखनऊ पहुंचे समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने बीजेपी को मुलमानों का दुश्मन बताया है।
समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाया है। सपा नेता ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव पास आ रहे हैं, नेताओं की बैठकें होंगी। भाजपा सिर्फ राजनीति चमकाने के लिए अल्पसंख्यकों का इस्तेमाल करती है। भाजपा मुसलमानों की दुश्मन है। यह सत्ता में रहने के लिए मुसलमानों का इस्तेमाल करते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने आज यानी शनिवार को लखनऊ में रोड शो किया। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक 18 किलोमीटर लंबा यह रोड शो सुबह 11:20 बजे शुरू हुआ और दोपहर करीब 2 बजे समाप्त हुआ। एयरपोर्ट से निकलने के बाद नितिन नबीन यूपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ विशेष रथ पर सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए। इस दौरान पूरे मार्ग में जगह-जगह कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनका स्वागत किया।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से जगह-जगह स्वागत किया। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। रोड शो के दौरान नितिन नबीन ने समर्थकों का अभिवादन करते हुए तलवार लहराई। बड़ी संख्या में बुर्का पहने मुस्लिम महिलाएं और टोपी पहने मुस्लिम पुरुष भी रोड शो में शामिल हुए। पादरियों और ननों ने भी नितिन नबीन का स्वागत किया।
लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में नितिन नबीन पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ कई बैठकें करेंगे। पहली बैठक भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की होगी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, सभी प्रदेश महामंत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश मंत्री शामिल होंगे।
इसके अलावा बैठक में युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। नितिन नबीन अवध, ब्रज, काशी, पश्चिम, गोरखपुर और कानपुर क्षेत्रों के क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ ही संगठनात्मक बैठक करेंगे।