
Lucknow Fire Incident: लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है। इस हादसे में 15 लोगों की जान चली गई, जिसके बाद बीजेपी ने अपने सभी तय कार्यक्रम फिलहाल के लिए रद्द कर दिए हैं। वहीं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी अपना अयोध्या दौरा रद्द कर दिया है। उन्हें राम मंदिर परिसर में बनने वाले शेषावतार मंदिर के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होना था। साथ ही महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी पहुंचने का कार्यक्रम था। लेकिन हादसे के बाद के हालात और प्रदेश में छाए मातम को देखते हुए उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया।
इस अग्निकांड के बाद बीजेपी ने प्रदेशभर में अपने कई कार्यक्रम फिलहाल टाल दिए हैं। जिला स्तर पर होने वाले आयोजनों से लेकर नेताओं के पहले से निर्धारित कार्यक्रमों तक में बदलाव किया गया है। दोनों उपमुख्यमंत्रियों के कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं। अयोध्या भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में हुई जनहानि को देखते हुए पार्टी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए यह फैसला लिया है। वहीं अयोध्या में शेषावतार मंदिर के शिखर पर होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम को लेकर भी अभी स्थिति साफ नहीं है और आयोजक अंतिम फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं, केशव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लखनऊ में हुआ अग्निकांड बहुत दुखद है। हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। मामले की जांच के लिए स्पेशल इंवेस्टिगेटिव टीम (SIT) का गठन किया गया है। टीम ने बिल्डिंग से जुड़े दस्तावेज और नक्शे खंगालने शुरू कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार जल्दी ही टीम घटनास्थल पर जाकर भी निरीक्षण करेगी और आग लगने के पीछ के कारणों का पता लगाएगी। जांच के दौरान सबसे बड़ा सवाल यह सामने आ रहा है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी, वह नियमों के मुताबिक बनी थी या नहीं। सूत्रों के अनुसार, अगर जांच में भवन अवैध पाया जाता है या निर्माण और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो प्रशासन क़ड़ी कार्रवाई कर सकता है। वहीं कानूनी प्रक्रिया के बाद बुलडोजर एक्शन भी लिया जा सकता है।
आपको बता दें कि लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर के समय यह हादसा हुआ था। यहां एक कमर्शियल बिल्डिंग में अचानक आग लग गई थी, जिसमें 15 लोगों की जान चली गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग बिल्डिंग के बाहर लगे बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट होने से लगी थी। बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर लाइब्रेरी और एनिमेशन सेंटर चल रहा था। आग की वजह से बिल्डिंग में धुआं इतना ज्यादा था कि लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया।