
CM Yogi Adityanath Mahoba Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद महोबा में ₹697 करोड़ से अधिक की लागत की 88 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, प्रमाण-पत्र एवं चेक वितरित किए। इस मौके पर सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया और नए भारत की विशेषता बताई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- ऑपरेशन सिंदूर के समय आपने देखा होगा कि लखनऊ में बना हुआ मिसाइल ब्रह्मोस पाकिस्तान पर दागा गया, तो पाकिस्तान दुम दबाकर जान बचाने के लिए भाग गया। पाकिस्तान दुनिया के सामने जान की भीख मांगता नजर आया। ये है नए भारत की ताकत। अब भारत पहचान का मोहताज नहीं है।
नए भारत की तर्ज पर उत्तर प्रदेश ने भी अपनी पहचान बनाई है। यूपी में हर घर नल की योजना बहन-बेटियों को राहत दे रही है। अब उन्हें विश्वास है कि केवल हर घर नल की योजना से जीवन नहीं कटेगा, बल्कि उनके घर पानी पहुंच रहा है। अब वह इसका उपयोग करके नया कार्य भी कर सकती हैं। स्वयं समूह संघ के तहत महिलाएं विभिन्न कार्यों को कर रही हैं।
सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर भी हमला बोला। सीएम ने कहा- पहले बुंदेलखंड में भूमाफिया, खनन माफिया और वन माफिया हावी थे। जिन्हें अब मिट्टी में मिला दिया गया है। उन्होंने बुंदेलखंड डिफेंस कॉरिडोर में बनी तोप का उदाहरण देते हुए कहा कि रक्षा उत्पादन का यह केंद्र अब महोबा, चित्रकूट, हमीरपुर और झांसी तक फैलेगा, जिससे यहां बनने वाले आधुनिक हथियार दुश्मनों को थर्रा देंगे। बुंदेलखंड में बनी तोप से पाकिस्तान भी थर्रा गया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने 'X' पर महोबा में हुए कार्यक्रम की फोटो शेयर की हैं। सीएम ने लिखा- शिवावतारी महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन साधना स्थली एवं आल्हा-ऊदल की शौर्य भूमि जनपद महोबा में आज ₹697 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, प्रमाण-पत्र एवं चेक का वितरण भी हुआ। पूर्ण विश्वास है, महोबा अपने गौरवशाली अतीत और समृद्ध विरासत को सहेजते हुए अपनी विकास यात्रा को नई गति देगा और प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। सभी लाभार्थियों एवं जनपद वासियों को हार्दिक बधाई।