महामारी ( Pidemic ) कहर: महाराष्ट्र ( Maharashtra ) में 1761 लोग संक्रमित ( Infected ), अब तक 127 की मौत ( Death ), 30 अप्रैल तक लॉकडाउन ( LockDown ), मुंबई ( Mumbai ) में 12 लोगों की मौत, आर्थिक ( Economic ) राजधानी ( State ) में कोरोना ( Corona ) के 1146 मरीज ( Patients ), पुणे ( Pune ) मंडल में 263 तो नासिक ( Nashik ) डिवीजन में 43 लोग संक्रमित
मुंबई. रोकथाम के तमाम उपायों के बावजूद महाराष्ट्र में कोरोना का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पर भी महामारी का कहर जारी है। मायानगरी में शनिवार को कोरोना के चलते 12 लोगों की मौत हुई जबकि राज्य भर में 17 लोगों की जान गई। राज्य में आज वायरस संक्रमितों की संख्या 1,761 तक पहुंच गई। शुक्रवार के मुकाबले राज्य में आज 187 मरीज बढ़े। मुंबई में 1146 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। मायानगरी में कोरोना अब तक 76 और राज्य में 127 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत की बात यह कि उपचार के बाद राज्य में 208 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य में 30 अप्रेल तक लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा की है।
पुणे में 263 लोगों में संक्रमण की पुष्टि...
मुंबई में शनिवार को 138 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। ठाणे में 35, नवी मुंबई में 36, कल्याण-डोंबिवली मनपा क्षेत्र में 35, उल्हासनगर में एक, मीरा भायंदर में 36, वसई विरार मनपा क्षेत्र सहित पालघर में 18 और पनवेल में 7 सहित ठाणे मंडल में 1314 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इसी तरह नासिक मंडल में 43, पुणे मंडल में 263 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
धारावी में स्क्रीनिंग शुरू...
एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी धारावी में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से धारावी में रहने वाले लोगों की स्क्रीनिंग शुरू की गई है। 150 डॉक्टरों की टीम समेत बीएमसी कर्मचारी घर-घर लोगों की जांच कर रहे हैं। सांसद राहुल शेवाले और विधायक व मंत्री वर्षा गायकवाड के अलावा एनसीपी नगरसेवक की अपील पर पहले दिन मुकुंद नगर और इससे सटे परिसरों में स्क्रीनिंग की गई। धारावी में अब तक 33 लोग संक्रमित मिले हैं। कोरोना के चलते धारावी में आज चौथी मौत हुई।
संक्रमित शख्स ने आत्महत्या की...
अकोला से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। तबलीगी जमात से जुड़ा 30 साल का शख्स कोरोना संक्रमित था। वह आइसोलेशन वार्ड में भर्ती था। बाथरूम में उसने गले पर ब्लेड से वार कर लिया। डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन विफल रहे।
चेंबूर में नौ नए मरीज मिले...
चेंबूर इलाके में कोरोना के 9 नए मरीज मिले हैं। इसके बाद क्षेत्र में 56 लोगों को क्वॉरेंटाइन किया गया है। चेंबूर में जो नए मरीज मिले हैं, वे बड़े झोपड़पट्टी परिसर में रहते हैं। दादर में भी 5 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही दादर में कोरोना मरीजों की संख्या 11 तक पहुंच गई है।
केईएम की नर्स और भाभा की कर्मचारी संक्रमित
केईएम हॉस्पिटल में कार्यरत एक 24 वर्षीय नर्स कोविद-19 पॉजिटिव पाई गई है। केईएम की संक्रमित नर्स को सेवन हिल्स हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। बीएमसी संक्रमित नर्स के परिवार की भी जांच करा रही है। भाभा अस्पताल में काम करने वाली महिला में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। यह महिला पनवेल मनपा क्षेत्र स्थित कामोठे क्षेत्र में रहती है। पनवेल मनपा ने कलंबोली के पास पार्थ नेक्स्ट और खारघर स्थित घरकुल सोसायटी को सील कर दिया है।