मुजफ्फरनगर

सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल का OP राजभर पर हमला, बोले- कैबिनेट मंत्री होकर भी नहीं बचा पा रहे अपने समाज का आरक्षण

SP State President Shyamlal Pal: 'राजभर गैर राजनीतिक व्यक्ति हैं', समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने ओमप्रकाश राजभर और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री होने के बावजूद राजभर अपने समाज का आरक्षण नहीं बचा पा रहे हैं...
2 min read
SP State President Shyamlal Pal
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल (फोटो- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X)

UP Assembly Elections 2027: समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भी कटाक्ष किया। श्यामलाल पाल ने कहा कि राजभर एक गैर-राजनीतिक व्यक्ति हैं और कैबिनेट मंत्री पद पर रहते हुए भी वह अपने समाज का आरक्षण नहीं बचा पा रहे हैं। श्यामलाल पाल मुजफ्फरनगर में आयोजित सपा के एक अहम कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे थे। सम्मेलन से पहले उन्होंने बुधवार सुबह पार्टी सांसद हरेंद्र मलिक के आवास पर मीडिया से विस्तार से बातचीत की।

2027 में बनेगी सामाजिक न्याय की सरकार

सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने साफ किया कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी तरह से जुटे हुए हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में उत्तर प्रदेश की मौजूदा सरकार को सत्ता से हटाकर सामाजिक न्याय की सरकार बनाई जाएगी। श्यामलाल पाल ने कहा कि 2027 चुनाव के लिए पार्टी की PDA रणनीति पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने बताया कि PDA का मतलब पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग है। इसके साथ ही उन्होंने इसमें समाज के सभी दुखी, पीड़ित और अपमानित लोगों को भी शामिल करते हुए कहा कि इन सभी वर्गों की समस्याओं को दूर करने का काम PDA ही करेगा।

'डबल इंजन सरकार है शिक्षा विरोधी'

श्यामलाल पाल ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को पूरी तरह से शिक्षा विरोधी करार दिया। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 26 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालयों को बंद कर दिया गया है और माध्यमिक विद्यालयों की स्थिति भी बिल्कुल ठीक नहीं है। उन्होंने प्रदेश के विश्वविद्यालयों में हो रही कार्रवाई को लेकर भी योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में मौजूदा सरकार की नीतियां हमारे संविधान की मूल भावना के बिल्कुल विपरीत हैं।

जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई को बताया गलत

रामपुर स्थित जौहर अली यूनिवर्सिटीपर हो रही कार्रवाई पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने इसे पूरी तरह से गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि उस विश्वविद्यालय में गरीब और वंचित वर्ग के बच्चे पढ़ते थे। वहां वे बहुत कम खर्च में अच्छी शिक्षा प्राप्त करके इंजीनियर और डॉक्टर बनने की दिशा में आगे बढ़ते थे लेकिन सरकार ने उसे भी निशाना बनाया। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को लेकर श्यामलाल पाल ने दो टूक कहा कि राजभर राजनीति के व्यक्ति ही नहीं हैं।