
NEET UG 2026 Cancelled: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 रद्द कर दी गई है। लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के आरोपों और शुरुआती जांच में मिले सबूतों के बाद National Testing Agency (NTA) ने मंगलवार को परीक्षा रद्द करने का ऐलान कर दिया। एजेंसी ने साफ किया है कि परीक्षा दोबारा कराई जाएगी और री-एग्जाम की नई तारीख जल्द घोषित होगी। इस फैसले के बाद लाखों छात्रों और उनके परिवारों के बीच बेचैनी बढ़ गई है। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में लगी हैं कि आखिर पेपर लीक की शुरुआत कहां से हुई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में एक वाट्सऐप मैसेज की जानकारी सामने आई है।
जांच में सबसे चौंकाने वाली बात एक वाट्सऐप मैसेज से सामने आई। शुरुआत में जांच करने वाले अधिकारियों को लगा कि यह सिर्फ एक सामान्य गेस पेपर है, जैसा अक्सर परीक्षाओं से पहले सोशल मीडिया पर वायरल होता रहता है। लेकिन जब इसकी गहराई से जांच हुई तो मामला काफी बड़ा निकलकर सामने आया। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने इस मामले की शुरुआती जांच शुरू की थी।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, कथित गेस पेपर सबसे पहले सीकर निवासी राकेश मंडावरिया द्वारा शेयर किया गया था। बताया जा रहा है कि उस समय वह देहरादून में मौजूद था। इसके बाद यह पेपर देहरादून से राजस्थान के चुरू के एक एमबीबीएस छात्र तक पहुंचा। वह छात्र फिलहाल केरल में पढ़ाई कर रहा है। जांच में सामने आया है कि उसने मई की शुरुआत में यह गेस पेपर अपने सीकर में रहने वाले दोस्त को भेजा था। यहीं से मामला तेजी से फैलता गया। सीकर के एक पीजी मालिक तक यह पेपर पहुंचा और उसने इसे कई छात्रों को फॉरवर्ड कर दिया। बाद में छात्रों ने इसे अपने दोस्तों और कुछ करियर काउंसलर्स तक पहुंचा दिया। देखते ही देखते यह कथित गेस पेपर बड़े नेटवर्क में फैल गया।
जयपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए स्पेशल जांच टीम के एडिसनल डायरेक्टर विशाल बंसल ने बताया कि कथित गेस पेपर में 400 से ज्यादा सवाल थे। इनमें से करीब 120 सवाल असली नीट परीक्षा में आये थे।
परीक्षा रद्द होने के बाद NTA की ओर से बताया गया है कि जल्द ही परीक्षा के लिए नई तारीखों का ऐलान किया जाएगा। तारीखों का ऐलान आगे किया जाएगा। हालांकि NTA ने छात्रों के लिए राहत भी दी है। छात्रों को दोबारा परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा। साथ ही परीक्षा सेंटर में भी बदलाव नहीं किया जाएगा। छात्रों को फीस भी वापस कर दी जाएगी।