28 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Maharashtra Accident: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, बैंक मैनेजर की मौके पर मौत, पत्नी गंभीर

Kolhapur Road Accident: पेठवडगांव-हातकणंगले मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार बैंक मैनेजर की मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई हैं और घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
2 min read
Google source verification
Maharashtra Accident

पेठवडगांव-हातकणंगले मार्ग पर हादसा। फोटो-पत्रिका

कोल्हापुर। पेठवडगांव-हातकणंगले मार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उस पर सवार दंपती उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। हादसे में एचडीएफसी बैंक के मैनेजर दीपक शिंदे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी आशाराणी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे का पूरा घटनाक्रम सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। हादसा हातकणंगले तहसील के मिणचे गांव के पास हुआ। मृतक दीपक रावसाहेब शिंदे (45) सांगली स्थित एचडीएफसी बैंक में मैनेजर थे और मिरज में रहते थे।

बीमार रिश्तेदार से मिलने आए थे

हादसे के बाद उनकी पत्नी आशाराणी उर्फ आशादेवी शिंदे (40) को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, दीपक शिंदे रविवार को पत्नी के साथ वडगांव के हनुमान रोड इलाके में रहने वाले बीमार रिश्तेदार से मिलने आए थे। दोनों ने रात रिश्तेदार के घर बिताई। सोमवार वे अपनी बाइक से मिरज लौट रहे थे। दोनों मिणचे गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार अचानक सड़क की दूसरी तरफ आ गई।

सीने और पेट में गंभीर चोट

कार ने उनकी बाइक को सीधे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दंपती उछलकर सड़क किनारे और खेत में जा गिरे। दीपक के सीने और पेट में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों को संभाला। हालांकि दीपक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर घायल आशाराणी को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

कैमरे में कैद हुई पूरी टक्कर

हादसा सड़क किनारे स्थित एक घर के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। फुटेज में तेज रफ्तार कार के बाइक से टकराने और टक्कर के बाद बाइक सवारों के दूर जा गिरने का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल किया है। हादसे की सूचना मिलते ही पेठवडगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने कार चालक साहिल राजू फाजल, निवासी यड्राव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक गोरख चौधरी कर रहे हैं। दीपक शिंदे के परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटा है। बैंक अधिकारी की हादसे में मौत और उनकी पत्नी के गंभीर घायल होने की खबर से मिरज और वडगांव क्षेत्र में लोगों में दुख है।

बड़ी खबरें

View All

मुंबई

महाराष्ट्र न्यूज़

ट्रेंडिंग