
आप विधायक जरनैल सिंह(फोटो-IANS)
AAP MLA Jarnail Singh: दिल्ली के तिलक नगर में सड़क की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। सड़क निरीक्षण के दौरान हुए थप्पड़ कांड के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यह मामला लोक निर्माण विभाग (PWD) के इंजीनियरों की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। शिकायत में विधायक पर सरकारी काम में रुकावट डालने, अधिकारियों को डराने और धमकाने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
यह पूरा मामला उस समय चर्चा में आया, जब तिलक नगर इलाके में सड़क की गुणवत्ता को लेकर निरीक्षण के दौरान विवाद हुआ। इस दौरान PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और AAP विधायक जरनैल सिंह के बीच भी तीखी स्थिति देखने को मिली। बाद में एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आया, जिसके बाद दिल्ली की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।
PWD इंजीनियरों की शिकायत के मुताबिक, सड़क निर्माण से जुड़े काम के दौरान अधिकारियों के काम में कथित तौर पर बाधा डाली गई। शिकायत में जरनैल सिंह पर अधिकारियों के साथ दबाव बनाने और धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। इन्हीं आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
जरनैल सिंह ने कहा कि वह पिछले कई दिनों से तिलक नगर की सड़क को लेकर लगातार वीडियो शेयर कर रहे थे। उनका दावा है कि सड़क निर्माण के दौरान तय नियमों का पालन नहीं किया गया। विधायक के मुताबिक, सड़क बनने के बाद जब उन्होंने मौके पर जाकर उसकी स्थिति देखी तो सड़क की ऊपरी परत की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल सामने आए। उन्होंने दावा किया कि सड़क की ऊपरी परत हाथ से ही उखड़ रही थी। इसके बाद उन्होंने इस मुद्दे को सार्वजनिक करने के लिए वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। जरनैल सिंह का कहना है कि उन्होंने इन वीडियो में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भी टैग किया था। उनके मुताबिक, वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए।
विधायक जरनैल सिंह ने पूरे घटनाक्रम के बारे में अपना पक्ष रखते हुए बताया कि रविवार को दोपहर करीब 1:15 बजे उन्हें PWD मंत्री प्रवेश वर्मा का फोन आया था। जरनैल सिंह के मुताबिक, मंत्री ने उनसे कहा कि वह सड़क का निरीक्षण करने के लिए मौके पर पहुंचे हैं और विधायक को आकर सड़क की खराबी दिखानी चाहिए। जरनैल सिंह का कहना है कि फोन आने के कुछ ही मिनट बाद वह निरीक्षण स्थल पर पहुंच गए। उनके मुताबिक, वहां पहुंचने पर उन्हें लगा कि मौके पर पहले से ही पूरी तैयारी की जा चुकी थी। विधायक ने दावा किया कि वहां बीजेपी के कई कार्यकर्ता मौजूद थे और उनके हाथों में मोबाइल फोन थे। उनके अनुसार, कई कैमरे पहले से चालू थे और मौके की लाइव स्ट्रीमिंग की जा रही थी। जरनैल सिंह ने इसे राजनीतिक प्रचार से जोड़ते हुए अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज किया।
इस विवाद के बाद PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने वीडियो जारी कर जरनैल सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने विधायक पर सड़क निर्माण से जुड़े काम में हस्तक्षेप करने और कमीशन मांगने का आरोप लगाया। जरनैल सिंह ने इन आरोपों को गलत बताया है।
सड़क निरीक्षण के दौरान सामने आए थप्पड़ वाले वीडियो के बाद मामला और गरमा गया। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए और पुलिस तक शिकायतें पहुंचीं।
Updated on:
28 Sept 2026 10:08 pm
Published on:
28 Sept 2026 09:45 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
