
Bengal Budget Announcement: पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के पहले बजट को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य की खोई हुई संस्कृति और सम्मान को वापस लाने की कोशिश है। राज्य के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 4,38,775.29 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता राज्य में लोगों को डर मुक्त माहौल देना और सुरक्षा को मजबूत करना है।
बजट में राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत बढ़ोतरी का ऐलान किया गया है। इसके बाद कुल DA बढ़कर 38 प्रतिशत हो जाएगा। यह फैसला 1 अक्टूबर से लागू होगा। बीजेपी ने चुनाव के दौरान कर्मचारियों को केंद्र सरकार के बराबर डीए देने का वादा किया था। इस पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार को थोड़ा समय दिया जाए और वह 22 प्रतिशत के अंतर को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारी ने 'हमारी सरकार को थोड़ा समय दें, हम डीए के 22 प्रतिशत के अंतर को भरने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस बार, हम 20 प्रतिशत डीए दे रहे हैं।'
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बजट में शिक्षा और कृषि को भी प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य में व्यापार और उद्योग के लिए बेहतर माहौल बनाना है।
बजट में बेरोजगार युवाओं के लिए भी योजनाओं का ऐलान किया गया है। 21 से 45 साल की उम्र के बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को अक्टूबर से हर महीने 3,000 रुपये की सहायता देने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं अन्य पात्र लोगों को हर महीने 2,000 रुपये देने की योजना है।
सरकार ने महिलाओं और छात्राओं के लिए भी कई घोषणाएं की हैं। अन्नपूर्णा योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये देने का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा उच्च शिक्षा में लड़कियों के ड्रॉपआउट को कम करने के लिए अविवाहित छात्राओं को एक बार 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया गया है।
बीजेपी के घोषणापत्र में किए गए वादे के अनुसार उत्तर बंगाल में IIT और IIM बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके लिए केंद्र सरकार की मदद ली जाएगी। वहीं फलता क्षेत्र को मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना भी बजट में शामिल की गई है।
बजट में कोलकाता के पास नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि कोलकाता एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव बढ़ रहा है, इसलिए नए एयरपोर्ट की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'कोलकाता एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी भीड़ है और इलाके की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए कोलकाता में एक दूसरे एयरपोर्ट की जरूरत है। सरकार कोलकाता के पास एक नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के लिए कल्याणी के पास 1,000-1,500 एकड़ जमीन की पहचान करेगी।'