नई दिल्ली

Delhi CJP Protest: दिल्ली प्रदर्शन में घायल छात्रा की हालत गंभीर, आरएमएल अस्पताल में वेंटिलेटर पर भर्ती

CJP Protest: दिल्ली में सीजेपी के 'संसद चलो' मार्च के दौरान हुई झड़प में घायल 23 वर्षीय छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। छात्रा आरएमएल अस्पताल के आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती है, जबकि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा।
2 min read
Delhi CJP Protest
प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश करती पुलिस। फोटो-एएनआई

Parliament March: राजधानी दिल्ली में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 'संसद चलो' मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में घायल 23 वर्षीय छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार छात्रा राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती है और उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई और आंसू गैस के गोले छोड़े जाने के बाद प्रदर्शनकारियों में अफरा-तफरी मच गई थी।

कई पुलिसकर्मी हुए घायल

बताया जा रहा है कि छात्रा के सिर में गंभीर चोट आई है। परिवार के एक सदस्य ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि छात्रा के चेहरे, सीने और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। सीजेपी के ‘संसद चलो’ मार्च में बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ रहे थे। प्रदर्शनकारी नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक समेत विभिन्न परीक्षा अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

20 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त

दिल्ली पुलिस के अनुसार, झड़प के दौरान 118 से अधिक पुलिसकर्मी और करीब 60 प्रदर्शनकारी घायल हुए। पुलिस ने यह भी दावा किया कि हिंसा में उसके 20 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हुए। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल और लेडी हार्डिंग अस्पताल पहुंचकर घायल प्रदर्शनकारियों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कई जगह धक्का-मुक्की और झड़प

बता दें कि सोमवार को संसद की ओर मार्च निकालने की कोशिश के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए थे। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव के बाद कई जगह धक्का-मुक्की और झड़प हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार पर बातचीत के नाम पर समय बर्बाद करने का आरोप लगाया।

वांगचुक मेदांता अस्पताल में भर्ती

उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल को बुलाने के बाद उनके मोबाइल फोन रख लिए गए और उन्हें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। उनका कहना है कि अब पार्टी सरकार से बातचीत के लिए नहीं जाएगी, बल्कि सरकार को खुद जंतर-मंतर आकर प्रदर्शनकारियों से बात करनी होगी। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार दोपहर गीतांजलि अंगमो की याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें सफदरजंग अस्पताल से मेदांता स्थानांतरित करने के निर्देश दिए थे।