नोएडा

भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में राजनाथ सिंह के बेटे को मिला यह पद

उत्‍तर प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार देर रात घोषित की नई कार्यकारिणी

2 min read
Feb 10, 2018

नोएडा। उत्‍तर प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार देर रात नई कार्यकारिणी घोषित कर दी। प्रदेश अध्‍यक्ष डाॅ. महेंद्र नाथ पांडेय का लेटर देर रात सभी पदाधिकारियों के पास पहुंच गया। इसके जरिए भाजपा ने जाटों, दलितों व गुर्जरों को भी साधने की कोशिश की है। भाजपा की नई कार्यकारिणी में गौतमबुद्ध नगर से नवाब सिंह नागर, मुजफ्फरनगर से पूर्व मंत्री संजीव बालियान , सहारनपुर से जसवंत सैनी और मेरठ की कांता कर्दम काे उपाध्‍यक्ष बनाया गया है।

ये भी पढ़ें

भाजपा की प्रदेश टीम में ब्रज क्षेत्र के पांच नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी, देेखें पूरी सूची

अश्‍वनी त्‍यागी को बनाया गया क्षेत्रीय अध्‍यक्ष

वहीं, अश्‍वनी त्‍यागी को पश्‍चिम का क्षेत्रीय अध्‍यक्ष नियुक्‍त किया गया है। इनके अलावा गृहमंत्री राजनाथ सिंह के बेटे व नोएडा के विधायक पंकज सिंह और बिजनौर के अशोक कटारिया को प्रदेश महामंत्री जबक‍ि मेरठ के देवेंद्र चौधरी को प्रदेश मंत्री की जिम्‍मेदारी दी गई है। कार्यकारिणी में 15 उपाध्‍यक्ष, 7 महामंत्री अौर 16 मंत्री बनाए गए हैं।

गुर्जर वोटरों को लुभाने की कोशिश

दादरी के पूर्व विधायक नवाब सिंह नागर को भी नई प्रदेश कार्यकारिणी में उपाध्‍यक्ष बनाया गया है। माना जा रहा है कि उनके द्वारा गुर्जर वोटों को साधने की कोशिश की गई है। वह तीन बार विधायक रह चुके हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में नोएडा से नवाब सिंह नागर का नाम सबसे आगे चल रहा था लेकिन पंकज सिंह के आ जाने से उनका टिकट कट गया था। अब उन्‍हें संगठन में जगह देकर नाराज गुर्जरों को मनाने की भी कोशिश की गई है।

पंकज सिंह को नजरअंदाज करना मुश्किल

नोएडा से विधायक व राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह को फिर से प्रदेश कार्यकारिणी में जगह दी गई है। ऊंचा कद होने के कारण उन्‍हें नजरअंदाज करना मुश्किल था। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान को उपाध्‍यक्ष बनाकर पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश के जाट वोटरों को लुभाने की कोशिश की गई है क्‍योंकि माना जा रहा था कि संजीव बालियान का मंत्री छिनने के बाद जाट वोटर भाजपा से नाराज हो सकते हैं। वेस्‍ट यूपी के जाटों में उनकी अच्‍छी पकड़ मानी जाती है। उधर, मेरठ से मेयर पद का चुनाव लड़ चुकीं कांता कर्दम को भी उपाध्‍यक्ष बनाया गया है। उनके जरिए दलित वर्ग को साधा गया है।

ये भी पढ़ें

बोर्ड परीक्षा के दौरान शिक्षिका की करतूत कैमरे में हुई कैद, नकल करवाने की सच्चाई सामने आने पर उड़े होश

Published on:
10 Feb 2018 10:31 am
Also Read
View All