
Sakshi Chadhuary and Arundhati Choudhary, Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के बॉक्सिंग इवेंट में भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। बुधवार को साक्षी चौधरी और अरुंधति चौधरी ने मेडल पक्के कर लिए। 70 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाते हुए अरुंधति ने कम से कम ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित कर लिया। वहीं 51 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल को जीतकर साक्षी चौधरी ने भी अपना मेडल सुनिश्चित किया।
एसईसी हॉल-5 में अरुंधति ने न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन को 3-1 के विभाजित फैसले से मात दी। राजस्थान से कॉमनवेल्थ गेम्स तक पहुंचने वाली पहली महिला मुक्केबाज अरुंधति चौधरी को पहले राउंड में पांच में से तीन जजों ने 10-10 अंक दिए। दूसरे राउंड में उन्हें चार जजों से पूरे अंक मिले, जबकि न्यूजीलैंड की मुक्केबाज को वॉर्निंग के चलते एक अंक गंवाना पड़ा। तीसरे राउंड में तीन जजों ने अरुंधति के पक्ष में फैसला दिया।
कॉमनवेल्थ गेम्स के बॉक्सिंग फॉर्मेट के तहत सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को ब्रॉन्ज मेडल मिलता है। इस जीत के साथ अरुंधति ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है और अब उनका लक्ष्य फाइनल में पहुंचकर गोल्ड मेडल की दौड़ को आगे बढ़ाना है। अरुंधति चौधरी ऐसी पांचवीं भारतीय मुक्केबाज हैं, जिन्होंने इस संस्करण के सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। उनसे पहले प्रीति, प्रिया, जादुमनी सिंह और साक्षी भी अपनी-अपनी वेट कैटेगरी में अंतिम चार में पहुंच चुकी हैं।
वहीं साक्षी ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और तीनों राउंड में अपने प्रतिद्वंद्वी पर दबदबा बनाए रखा। पांचों जजों ने मुकाबला साक्षी के पक्ष में दिया और उन्हें सर्वसम्मत निर्णय के आधार पर विजेता घोषित किया। सभी जजों ने साक्षी को 29 अंक दिए, जबकि फ्रायर्स को 25 से 27 अंकों के बीच अंक मिले। दूसरे राउंड में फ्रायर्स का एक अंक चेतावनी के कारण काटा गया, जिससे भारतीय मुक्केबाज की बढ़त और मजबूत हो गई।
इस जीत के साथ साक्षी ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। कॉमनवेल्थ गेम्स के बॉक्सिंग फॉर्मेट के तहत सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को ब्रॉन्ज मेडल मिलता है, इसलिए उनका कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का हो गया है। अब साक्षी अपनी अगली बाउट जीतकर गोल्ड मैच तक पहुंचना चाहेंगी।
साक्षी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले चौथी भारतीय बॉक्सर हैं; उनसे पहले प्रीति, प्रिया और जादुमनी सिंह भी अपनी-अपनी वेट कैटेगरी में अंतिम चार में जगह बना चुके हैं। प्रिया ने महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को प्वाइंट्स के आधार पर 4-1 से मात देकर अगले दौर में जगह बनाई, जबकि प्रीति ने महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग के मुकाबले में नॉर्दर्न आयरलैंड की निकोल क्लाइड के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद मंगलवार देर रात जादुमनी सिंह ने पुरुषों के 55 किग्रा क्वार्टरफाइनल मुकाबले में म्वाले म्वेंगो को 5-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।