राजनीति

लोकसभा चुनाव 2019: पांचवें चरण में ये 5 सीटें भाजपा के लिए बन सकती हैं सिरदर्द!

2014 में भाजपा ने इन सीटों पर जीत दर्ज की थी इस बार पार्टी ने कुछ सीटों पर बदले हैं चेहरे पांच राज्यों में भाजपा के सामने है बड़ी चुनौती
4 min read
• •
Updated: 6 May 2019, 8:10 AM IST
bjp news
लोकसभा चुनाव 2019: पांचवें चरण में ये 5 सीटें भाजपा के लिए बन सकती है सिरदर्द!

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव (Lok sabha Election)के पांचवें चरण के लिए मतदान जारी है। 7 राज्यों की 51 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में सुबह से वोटिंग हो रही है। 2014 में NDA को 169 सीटों पर अच्छी बढ़त मिली थी। जिसमें 116 सीटें अकेली भाजपा (BJP) के खाते में गई थींं। लेकिन तब पांचवें चरण में हुए चुनाव में कुछ सीटें ऐसी थीं, जहां भाजपा मामूली वोट प्रतिशत से जीती थी।इस बार भी हालात वैसे ही हैं। आज पांचवें चरण के ही चनाव है और भाजपा को उन्हीं पांच सीटों पर फंसने का डर सता रहा है। पार्टी ने इन सीटों पर बड़े मार्जिन से जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकी हुई है। यहां तक कि पार्टी ने इन सीटों पर पांच में से दो चेहरे बदले भी हैं। इसमें मधुबनी (बिहार), सतना (मध्य प्रदेश) करौली-धौलपुर (राजस्थान), कौशांबी (उत्तर प्रदेश) और लद्दाख (जम्मू-कश्मीर) सीट है। इन सीटों पर भाजपा की कांटे की टक्कर है।

मधुबनी सीट पर भाजपा ने बदले प्रत्याशी

मिथिलांचल का गढ़ मधुबनी कभी कांग्रेस की परंपरागत सीट हुआ करती थी। लेकिन पिछली दो बार से यहां कमल खिल रहा है। पिछले चुनाव में हुकुमदेव नारायण यादव ने जीत दर्ज कराई थी। हुकुमदेव नारायण यादव ने राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी को सिर्फ 2.39 प्रतिशत वोटों के अंतर से हराया था। भाजपा ने इस सीट पर भगवा लहराने के लिए इस बार उनके बेटे अशोक यादव को मैदान में उतारा है, जहां उनका मुकाबला महागठबंधन प्रत्याशी बद्री पुरबे से है। बद्री पुरबे विकासशील इंसान पार्टी के उम्मीदवार हैं। वहीं कांग्रेस के पूर्व नेता शकील अहमद इस बार खुद निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं। मधुबनी सीट पर ब्राह्मणों की संख्या ज्यादा है। क्षेत्र में 35 फीसदी आबादी ब्राह्म्णों की है। जो निर्णायक भूमिका निभाती है। इसके अलावा 20 फीसदी मुस्लिम और 10 फीसदी निशाद हैं। भाजपा को उम्मीद है कि चेहरे बदलने से यह सीट बच सकती है।

सतना में भाजपा का कांग्रेस से सीधा मुकाबला

मध्य प्रदेश की सतना लोकसभा सीट पर बीजेपी का सीधा मुकाबला कांग्रेस से है। भाजपा के दिग्गज सांसद गणेश सिंह ने 2014 में कांग्रेस के अजय सिंह को 0.95 फीसदी यानी 8,688 वोटों के अंतर से हराया था। इस बार गणेश सिंह की सीधी लड़ाई कांग्रेस के राजाराम त्रिपाठी से है। पिछले साल आरक्षण को लेकर मध्य प्रदेश के इस इलाके में तनाव काफी बढ़ा था। लोगों ने केंद्र सरकार को खूब कोसा था, नतीजन विधानसभा चुनाव में भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा था। ऐसे में भाजपा को भय है कि यहां उन्हें कोई नुकसान ना उठाना पड़ जाए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह स्वयं इस क्षेत्र में प्रचार की कमान संभाल चुके हैं। अमित शाह को उम्मीद है कि पिछली बार की तरह ही भाजपा का प्रदर्शन पूरे राज्य में अच्छा रहेगा।

करौली-धौलपुर सीट बचाना भाजपा के लिए मुश्किल

राजस्थान की करौली-धौलपुर सीट आरक्षित है। 2014 में भाजपा के मनोज राजोरिया ने कांग्रेस प्रत्याशी लेखीराम को मात्र 3.22 फीसदी वोटों के अंतर से परास्त किया था। भाजपा ने 47.6 फीसदी वोटों के साथ जीत दर्ज की थी, तो कांग्रेस 44.4 फीसदी वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही थी। लेकिन इस बार मनोज राजोरिया का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी संजय कुमार जाटव से है। इस सीट पर जाटव समुदाय का दबदबा है। इसके अलावा गुर्जर और मीणा समुदाय का भी वर्चस्व है। राजपूत, ब्राह्मण और मुस्लिमों की भी अच्छी तादाद है। इस बार भाजपा इन सीटों पर अचछे मार्जिन से जीतने की रणनीति तैयार कर रही है। भाजपा का दावा है कि इस बार पार्टी के प्रत्याशी का जीत का अंतर ज्यादा होगा।

कौशांबी में भाजपा को गठबंधन दे रहा सीधी टक्कर

उत्तर प्रदेश की कौशांबी लोकसभा सीट पर भाजपा का सीधा मुकाबला सपा-बसपा गठबंधन से है। अगर महागठबंधन अपने मकसद में कामयाब हो जाता है कि भाजपा के लिए यह सीट बचाना मुश्किल हो जाएगा। 2014 में इस आरक्षित सीट पर बीजेपी के विनोद कुमार सोनकर ने 4.72 फीसदी यानी 42,900 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। हालांकि सोनकर को इस बार भी पार्टी ने टिकट दिया है। लेकिन क्षत्रप दल भी ताल ठोंक रहे हैं। प्रतापगढ़ के राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल-लोकतांत्रिक से शैलेंद्र कुमार मैदान में हैं। शैलेंद्र कुमार 2009 में सपा के टिकट से यहां से जीते थे। विनोद सोनकर का शैलेंद्र कुमार से कड़ा मुकाबला है। ऐसे में भाजपा ने इस सीट पर कमल खिलाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाया हुआ है। भाजपा इस बार अधिक सीटों से जीत दर्ज करना चाहती है।

लद्दाख सीट पर प्रतिष्ठा बचाना मुश्किल

भाजपा के लिए इस बार जम्मू-कश्मीर में 2014 के नतीजे को दोहराना आसान नहीं है। पिछली बार भाजपा के थुपस्तान छवांग ने वोटों के मामूली अंतर से अपनी प्रतिष्ठा बचाई थी। सिर्फ 36 वोट यानी 0.03 फीसदी के अंतर से उन्हें जीत मिली थी। इस बार थुपस्तान छवांग पार्टी छोड़ चुके हैं। पार्टी ने जामयांग तेजरिंग नामग्याल को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला निर्दलीय प्रत्याशी सज्जाद हुसैन से है, जिन्हें पीडीपी और नेशनल कॉन्फ्रेंस का समर्थन हासिल है। दरअसल कश्मीर में राष्ट्रपति शासन लगने और धारा 370 को हटाने को लेकर भाजपा निशाने पर है। विपक्षी दल इसे मुद्दा बनाकर चुनाव मैदान में हैं। भाजपा को लग रहा है कि इस सीट पर मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण होगा। पार्टी पूरे दमदम के साथ इस सीट पर चुनाव लड़ रही है।

इन सीटों पर डाले जा रहे वोट

पांचवें चरण में 7 राज्यों की 51 सीटों पर वोटिंग हो रही है। यूपी की सबसे ज्यादा सीटों 14, राजस्थान की 12, बिहार की 5, पश्चिम बंगाल में 7 मध्य प्रदेश की 7, जम्मू-कश्मीर की 1, झारखंड की 4 सीटों पर मतदान हो रहा है। देखना दिलचस्प होगा कि क्या भाजपा अपना कमल खिलाने में कामयाब हो पाती है।

Updated on:
6 May 2019, 8:10 AM IST
Published on: