रायपुर

छत्तीसगढ़ में नेता-अफसर की जंग! कहीं तबादला तो कहीं FIR, जानिए बड़े मामलों की पूरी कहानी

Chhattisgarh Political Row: छत्तीसगढ़ में नेता और अफसरों के बीच बढ़ते विवाद एक बार फिर चर्चा में हैं। ताजा मामला सांसदों द्वारा आईएएस अधिकारियों की शिकायत का है।
2 min read
Aug 11, 2026
Public Representatives vs Bureaucrats
Public Representatives vs Bureaucrats: जनता के मुद्दों से शुरू होकर बढ़ा विवाद(photo-patrika)

Chhattisgarh Political Bureaucracy Clash: छत्तीसगढ़ में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच टकराव के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। जनता के मुद्दों, प्रशासनिक फैसलों, प्रोटोकॉल और कार्यशैली को लेकर कई बार मतभेद सार्वजनिक विवाद में बदल गए। कई मामलों में अधिकारियों का तबादला हुआ, कहीं जांच बैठी तो कहीं एफआईआर तक की नौबत आ गई। ताजा मामला सांसद बृजमोहन अग्रवाल और सांसद विजय बघेल द्वारा तीन आईएएस अधिकारियों की कार्यशैली की शिकायत लोकसभा अध्यक्ष से किए जाने का है। इसके बाद एक बार फिर प्रदेश में जनप्रतिनिधि और अफसरों के रिश्तों पर चर्चा तेज हो गई है।

Public Representatives vs Bureaucrats: जनता के मुद्दों से शुरू होकर बढ़ा विवाद

जनप्रतिनिधि खुद को जनता के प्रति जवाबदेह बताते हैं, जबकि प्रशासनिक अधिकारी नियमों और प्रक्रियाओं के तहत निर्णय लेने की बात करते हैं। जब दोनों पक्षों के बीच संवाद और समन्वय कमजोर पड़ता है, तो छोटे मतभेद भी बड़े विवाद का रूप ले लेते हैं। सरकारी फाइलों में देरी, योजनाओं के क्रियान्वयन और शिकायतों के निपटारे को लेकर भी अक्सर तनाव की स्थिति बनती है।

बिगड़े बोल भी बनते हैं टकराव की वजह

विशेषज्ञों का मानना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों की सार्वजनिक नाराजगी या तीखी बयानबाजी भी विवाद को बढ़ा देती है। इसका असर न केवल प्रशासनिक कामकाज पर पड़ता है, बल्कि विकास कार्य भी प्रभावित होते हैं। पूर्व में कांग्रेस सरकार के दौरान विधायक बृहस्पत सिंह और डिप्टी कलेक्टर व जिला शिक्षा अधिकारी के बीच विवाद, वहीं सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार के बीच विवाद भी काफी चर्चा में रहा।

ताजा मामला: सांसदों ने IAS अधिकारियों की शिकायत की

हाल ही में सांसद बृजमोहन अग्रवाल और सांसद विजय बघेल ने तीन IAS अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत की है। दोनों सांसदों का आरोप है कि अधिकारियों के साथ समन्वय की कमी के कारण जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अब इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

जब कलेक्टर को हटाने तक पहुंचा मामला

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और तत्कालीन कोरबा कलेक्टर के बीच मतभेद भी लंबे समय तक चर्चा में रहे। पूर्व मंत्री ने तत्कालीन मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कलेक्टर को हटाने की मांग की थी। आरोप था कि प्रशासन जनप्रतिनिधियों के निर्देशों की अनदेखी कर रहा है।

धरने तक पहुंचा था विवाद

पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर और जिला प्रशासन के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि वे धरने पर बैठने की तैयारी में थे। स्थिति को देखते हुए उन्हें हाउस अरेस्ट तक करना पड़ा। बाद में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बातचीत के बाद मामला शांत हुआ।

रमन सिंह ने मंच से जताई थी नाराजगी

विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बेमेतरा में आयोजित एक सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अव्यवस्था पर खुलकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने मंच से ही जिला कलेक्टर और एसपी को कार्यप्रणाली में सुधार की सख्त नसीहत दी थी।

बेहतर समन्वय ही समाधान

प्रशासनिक विशेषज्ञों का मानना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधि और अफसर दोनों की भूमिकाएं एक-दूसरे की पूरक हैं। जनता के हित में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दोनों के बीच बेहतर संवाद, पारदर्शिता और समन्वय आवश्यक है। लगातार बढ़ते विवाद यह संकेत देते हैं कि प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर आपसी विश्वास को मजबूत करने की जरूरत है।

Updated on:
11 Aug 2026 08:30 am
Published on:
11 Aug 2026 08:29 am