सहारनपुर

जलती चिता से शव निकलवाकर पुलिस ने कब्जे में लिए अवशेष, मायके वाले बोले- बेटी को दिया गया जहर

Sonika Sharma Saharanpur death : सहारनपुर के गंगोह में दहेज की बलि चढ़ी 28 वर्षीय सोनिका शर्मा। मायके वालों का आरोप- ससुराल वालों ने जहर देकर मारा और सबूत मिटाने के लिए जलती चिता में झोंका। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बुझवाई आग और शव को कब्जे में लिया।
2 min read
Shaharanpur Dowry case
चिता से निकलवाया विवाहिता का शव, PC- Gemini

सहारनपुर :सहारनपुर जिले के गंगोह क्षेत्र के गांव कलालहटी में दहेज प्रताड़ना के आरोप में एक युवा विवाहित महिला की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है। मृतका की पहचान सोनिका शर्मा (28 वर्ष) के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने दहेज न मिलने पर उसे मारपीट कर जहर दिया और सबूत मिटाने के लिए बिना सूचना दिए चिता जला दी।

14 मई 2026 को सोनिका की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवार ने उसे गंगोह के जगदंबा अस्पताल में भर्ती कराया। ससुराल पक्ष का दावा है कि सोनिका ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें उसे करनाल ले जाने की सलाह दी गई, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मायके वालों को बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार

इसके बाद ससुराल पक्ष ने मायके वालों को कोई सूचना दिए बिना गांव में अंतिम संस्कार शुरू कर दिया। जब सोनिका के भाई हिमांशु को यह जानकारी मिली तो वह तुरंत पुलिस के साथ श्मशान पहुंचे। उस समय चिता जल रही थी। पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड बुलाया, आग बुझवाई और शव के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

हिमांशु ने पुलिस को दिए बयान में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष सोनिका को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था।

2017 में हुई थी मोनिका की शादी

  • शादी 2017 में अमित शर्मा के साथ हुई थी।
  • दोनों की दो संतानें हैं, 7 वर्षीय बेटा और 5 वर्षीय बेटी।
  • हाल ही में ससुराल पक्ष ने सोफे की मांग की थी।
  • इससे पहले फ्रिज और LED टीवी जैसी मांगें पूरी की जा चुकी थीं, लेकिन प्रताड़ना जारी रही।
  • करीब एक महीने पहले मारपीट के बाद सोनिका मायके आ गई थी। 15-16 दिन वहां रही, लेकिन बच्चों के कारण वापस लौट गई।

हिमांशु का आरोप है कि घटना वाले दिन भी बहन से मारपीट हुई और उसे जहर दिया गया। जब उन्होंने बहन से बात करने की कोशिश की तो ससुराल वाले टालते रहे। बाद में अचानक मौत की सूचना मिली और चिता भी जला दी गई।

पुलिस ने कब्जे में लिए शव के अवशेष

गंगोह के सीओ अशोक कुमार सिसोदिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। दहेज हत्या, जहर देकर हत्या और सबूत मिटाने के सभी पहलुओं पर गहन छानबीन की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
15 May 2026 10:29 pm
Published on:
15 May 2026 10:29 pm