विदेश

Russia-Ukraine War: अब भारी पड़ रहा यूक्रेन? जेट तबाह होने के बाद रूस के दो और तेल रिफाइनरियों को ड्रोन से उड़ाया

Ukraine ने Russia की दो बड़ी तेल रिफाइनरियों पर ड्रोन हमले का दावा किया है। जेलेंस्की ने कहा कि इन हमलों से रूस की युद्ध क्षमता को कमजोर करने की कोशिश की गई।
2 min read
Jun 28, 2026
Russia Ukraine War
यूक्रेन ने रूस की दो बड़ी तेल रिफाइनरियों पर ड्रोन हमला किया (X Photo)

Ukraine Drone Attack Russia: रूस-यूक्रेन युद्ध में हवाई मोर्चे पर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। जेट तबाही के बाद अब यूक्रेन ने रूस की दो बड़ी तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाने का दावा किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी सेना ने ड्रोन हमले के जरिए रूस के क्रास्नोडार और यारोस्लाव क्षेत्रों में तेल रिफाइनरियों पर हमला किया। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी सेना लगातार ऐसे ऑपरेशन चला रही है, जिनसे रूस की युद्ध क्षमता को कमजोर किया जा सके।

दो रिफाइनरियों को बनाया निशाना

जेलेंस्की ने कहा कि पहला हमला रूस के दक्षिणी क्रास्नोडार क्षेत्र में स्थित स्लावयांस्क ऑयल रिफाइनरी पर हुआ। यह जगह युद्ध क्षेत्र से करीब 300 किलोमीटर दूर है। वहीं दूसरा हमला यारोस्लाव क्षेत्र की एक रिफाइनरी पर किया गया, जो यूक्रेन की सीमा से करीब 700 किलोमीटर अंदर है। जेलेंस्की ने आगे कहा कि यूक्रेन के ऑपरेशन जारी रहेंगे, जो रूस की युद्ध क्षमता को कमजोर करेंगे।

हमले के बाद रिफाइनरी में लगी आग

ड्रोन हमलों से क्रास्नोडार क्षेत्र की स्लावयांस्क रिफाइनरी में भीषण आग लग गई। क्रास्नोडार के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव ने बताया कि ड्रोन के मलबे के गिरने से आग लगी। इस घटना में बिजली की लाइनों, गैस पाइप और कुछ निजी घरों को नुकसान पहुंचा।

हादसे में एक व्यक्ति की मौत और एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी दी गई। स्लावयांस्क रिफाइनरी रूस के लिए रणनीतिक रूप से अहम मानी जाती है। यहां विमान ईंधन और मोटर गैसोलीन तैयार किया जाता है। यह संयंत्र रूसी सेना और कब्जे वाले क्रीमिया क्षेत्र में तैनात सैनिकों के लिए ईंधन सप्लाई का एक महत्वपूर्ण केंद्र बताया जाता है।

रूस का दावा, 213 ड्रोन नष्ट किए

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने रातभर में 213 ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया। हालांकि, तेल संयंत्रों जैसे महत्वपूर्ण ठिकानों तक ड्रोन पहुंचने से यह संकेत मिला कि कुछ यूक्रेनी ड्रोन रूसी सुरक्षा व्यवस्था को पार करने में सफल रहे। जेलेंस्की ने अपने संदेश के अंत में यूक्रेनी सेना और सहयोगी देशों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, इन नतीजों के लिए योद्धाओं का धन्यवाद! मैं उन सभी का आभारी हूं जो हमारी मदद करते हैं। यूक्रेन की रक्षा करने वाला हर व्यक्ति संविधान की ताकत को भी मजबूत करता है।

एयरफील्ड पर तबाह किया गया MiG-29

यूक्रेन ने FP-5 फ्लेमिंगो क्रूज मिसाइल से रूस के वोल्गोग्राड स्थित सैन्य संयंत्र टाइटन बैरिकेड्स प्लांट पर हमला किया था। इसके बाद रूस ने जवाबी कार्रवाई के दौरान मायकोलाइव क्षेत्र के वोजनेसेंस्क एयरफील्ड को निशाना बनाया। रूस के अनुसार, ड्रोन हमले में यूक्रेन का एक MiG-29 लड़ाकू विमान नष्ट हो गया।

Published on:
28 Jun 2026 02:54 pm